कोरोना वायरस का असर प्रोग्राम फॉर इंटरनेशनल स्टूडेंट्स असेसमेंट (पीसा) पर भी हुआ है। साल 2021 में होने वाली परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब यह परीक्षा वर्ष 2022 में आयोजित की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस परीक्षा के लिए पूरे देश में से चंडीगढ़ के स्कूलों के विद्यार्थियों को चुना गया है।
वीरवार को सीबीएसई के चेयरपर्सन मनोज अहूजा, डायरेक्टर एकेडमिक डॉ. जोसेफ इमैनुअल और सीबीएसई के ट्रेनिंग एंड स्किल एजुकेशन के डायरेक्टर विश्वजीत साहा ने चंडीगढ़ के एडवाइजर मनोज परिदा, शिक्षा सचिव अरुण कुमार गुप्ता, निदेशक रुबिंदरजीत सिंह बराड़ व एससीईआरटी के डायरेक्टर एसएस दहिया के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की।
बैठक में डायरेक्टर एकेडमिक की ओर से पीसा की तैयारियों को लेकर एक प्रेजेंटेशन दी गई। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ के स्कूलों के बोर्ड रिजल्ट और सैंपल सर्वे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीसा के मद्देनजर अध्यापकों और अभिभावकों के लिए तैयार किए गए स्टडी मैटीरियल को जल्द ही चंडीगढ़ को सौंपा जाएगा।
कई बच्चों के पास न स्मार्टफोन, न इंटरनेट...ऑनलाइन प्रोग्राम में कैसे लेंगे हिस्सा
सीबीएसई के चेयरपर्सन ने कहा कि ऑनलाइन मूल्यांकन में चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों के बच्चों की भागीदारी काफी कम है। उन्होंने चिंता जताई कि जो बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर हैं, उनके पास स्मार्टफोन व इंटरनेट की उपलब्धता नहीं है, ऐसे में वह ऑनलाइन कार्यक्रमों में हिस्सा कैसे लेंगे।
उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों से आग्रह किया कि वह अध्यापकों के लिए भी ऑनलाइन ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करें, ताकि वह बच्चों को पीसा के लिए तैयार करने में सक्षम हो सकें। शिक्षा सचिव ने बताया कि चंडीगढ़ का शिक्षा विभाग पीसा की तैयारियों को लेकर कई तरह के ट्रेनिंग कार्यक्रम चला चुका है। इसके अलावा अब से हर महीने पीसा को लेकर रिव्यू बैठक आयोजित की जाएगी।
पीसा के स्टडी मैटीरियल को बच्चों के घर पहुंचाया जाएगा: परिदा
बैठक में बताया गया कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की वजह से पीसा परीक्षाओं की तारीखों को आगे बढ़ाया गया है। पहले यह परीक्षा वर्ष 2021 में आयोजित की जानी थी, लेकिन अब वर्ष 2022 में आयोजित की जाएगी। एडवाइजर मनोज परिदा ने सीबीएसई के चेयरपर्सन से अपील की कि पीसा के लिए तैयार स्टडी मैटीरियल को वह चंडीगढ़ को प्रिंटेड फॉर्मेट में उपलब्ध कराएं, ताकि उन किताबों को बच्चों के घर तक पहुंचाया जा सके।
परिदा ने एससीईआरटी के डायरेक्टर को आदेश दिए कि वह कोरोना के दौरान बच्चों तक मदद पहुंचने के लिए सभी रास्तों की तलाश करें। उन्होंने सीबीएसई को आश्वासन दिया कि वर्ष 2022 में होने वाले पीसा परीक्षाओं में चंडीगढ़ देश का नाम रोशन करेगा।