फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहाली में पांच, पंचकूला में दो की मौत, चंडीगढ़ में पहली बार 154 मरीजों ने कोरोना को हराया

Tue, 25 Aug 2020 01:11 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़/मोहाली/पंचकूला
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कोरोना ने ट्राइसिटी को अपनी चपेट में ले रखा है। पिछले 24 घंटों में मोहाली जिले में पांच और पंचकूला में दो लोगों की जान चली गई। राहत की बात यह है कि चंडीगढ़ में पहली बार एक ही दिन में 154 मरीज कोरोना को हराकर घर पहुंचे हैं। 

विज्ञापन


मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि 117 लोग संक्रमित मिले, जबकि 106 मरीजों ने कोरोना को मात दी। सोमवार को दम तोड़ने वालों में डेराबस्सी से 56 साल का व्यक्ति शुगर व हाइपरटेंशन का मरीज था। इसी तरह सेक्टर-68 में 34 वर्षीय युवक, मौली बैदवान में 70 साल की महिला की जान गई है। जबकि मटौर का 30 वर्षीय युवक कैंसर से भी पीड़ित था। 

बलटाना में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। वहीं, संक्रमित केसों में मोहाली के आसपास के क्षेत्र में 40, खरड़ व इससे जुड़े क्षेत्र में 30, डेराबस्सी में तीन, जीरकपुर में 13, बूथगढ़ ब्लॉक में सात, बनूड़ क्षेत्र में पांच और घडूआं व इसके पास के क्षेत्र में 15 व लालड़ू में चार कोरोना केस आए हैं। सभी को ज्ञान सागर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
विज्ञापन


मोहाली में मरीजों की कुल संख्या 2819 , अब तक 57 लोगों की हो चुकी है मौत
मोहाली जिले में कोविड के मरीजों की कुल संख्या 2819 पहुंच गई है। इसमें से 1247 सक्रिय केस हैं। जबकि 1515 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक 57 लोगों की मौत हुई है।

विज्ञापन

चंडीगढ़ में 177 नए संक्रमित मिले

चंडीगढ़ में सोमवार को अलग-अलग इलाकों से 117 कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमितों में सेक्टर-15 के एक ही परिवार के चार, मनीमाजरा के एक ही परिवार के 9 और सेक्टर-18 के एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इसी के साथ शहर में कोरोना मरीजों की संख्या 3035 पर पहुंच गई है, वहीं 98 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। शहर में अब तक कोरोना से 37 लोगों की मौत हो चुकी है। बता दें कि कोरोना के तेजी से बढ़ते मरीजों की संख्या को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। इन दिनों लगातार 100 से अधिक पॉजिटिव केसों के आने से दहशत का माहौल है। 

जिला अदालत में एक अहलमद मिला पॉजिटिव
चंडीगढ़ जिला अदालत में एक अहलमद की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिला अदालत में अब तक 6 मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले भी दो जज, एक लैब टेक्नीशियन, एक अहलमद और एक चपरासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उधर, आर्थिक मंदी का सामना कर रहे कुछ वकीलों और मुंशियों की ओर से अदालत खोलने की मांग की जा रही थी लेकिन लगातार कोरोना के मामले बढ़ने से चिंता बढ़ गई है। 

बता दें कि अदालत में सारा कामकाज कागजों पर निर्भर है। कागजों पर जज, रीडर, मुंशी, वकील और क्लाइंट सबके हाथ लगते हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। चिंता की बात यह है कि कागजों को सैनिटाइज भी नहीं किया जा सकता। ऐसी परिस्थिति में बार एसोसिएशन के सदस्यों और कोर्ट स्टाफ में दहशत का माहौल है। 

पंचकूला की महिला एसीपी और एसडीएम सहित 97 संक्रमित मिले 
पंचकूला की महिला एसीपी और एसडीएम समेत 97 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा दो संक्रमितों की मौत भी हो गई है। संक्रमितों में एक 61 वर्षीय बलटाना निवासी बुजुर्ग निजी अस्पताल में जबकि सेक्टर-12 निवासी 60 वर्षीय दूसरा बुजुर्ग सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में भर्ती था। पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि पंचकूला की महिला एसीपी में कोरोना की पुष्टि हुई है। वे डीजीपी ऑफिस में कोरोना मरीज के संपर्क में आईं थी। 

सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सभी संक्रमितों की काउंसिलिंग की जा रही है। पंचकूला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि सोमवार को जिले के बाहर से 18 मामले सामने आए। इसमें चंडीगढ़ के 12, पंजाब के दो, कुरुक्षेत्र के दो, अंबाला का एक और यमुनानगर का एक मामला सामने आया है। पंचकूला के 61 लोग संक्रमित मिले हैं। विदेश से आए 18 लोगों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें