जीएमसीएच-32 के हॉल में सोते मरीजों के तीमारदार।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए पीजीआई और जीएमसीएच-32 की ओपीडी पूरी तरह बंद कर दी गई है। एक ओर ओपीडी के कारण संक्रमण फैलने की बात कही जा रही है। वहीं, दूसरी ओर जीएमसीएच-32 की इमरजेंसी में भर्ती मरीजों के परिजन सामाजिक दूरी समेत कोरोना संक्रमण से बचाव के अन्य नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। आलम यह है कि अस्पताल के हॉल और इमरजेंसी की गैलरी में शाम होते ही तीमारदारों की भीड़ जुट जाती है और मास्क और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया जाता।
जीएमसीएच-32 में ओपीडी बंद होने के चलते केवल टेली कंसल्टेशन के माध्यम से ही मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है। हालांकि इमरजेंसी में मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। तीमारदार वार्ड में भर्ती मरीजों की देखभाल करने के बाद रात को थकने के बाद अस्पताल में जहां जगह मिलती है, वहीं, सो जाते हैं। चिंता की बात यह है कि हॉल और गैलरी में जगह-जगह चार से पांच की संख्या में लोग एक साथ होते नजर आते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। उधर, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा के साथ ही तीमारदारों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा।
मरीजों को संक्रमण से बचाने के लिए बचाव के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया गया है। जहां तक भर्ती मरीजों के परिजनों की बात है तो उसे भी चेक कर व्यवस्था जल्द ठीक करा दी जाएगी।
-जसविंदर कौर, डायरेक्टर प्रिंसिपल, जीएमसीएच-32।