हरियाणा में कोरोना की संक्रमण दर सिमटने लगी है। पिछले एक माह में पॉजिटिविटी रेट में जबरदस्त गिरावट आई है। कई जिलों में तो यह 5 से 10 प्रतिशत तक घटी है। हालांकि रोहतक में संक्रमण दर अब भी 6.46 प्रतिशत है। शेष सभी जिलों में 5 प्रतिशत से कम पॉजिटिविटी दर है। अहम बात ये है कि जिन जिलों में वैक्सीनेशन अधिक हुआ है, वहां की पॉजिटिविटी दर घटी है और तेजी से रिकवरी दर भी बढ़ी है। पिछले साल कोराना महामारी की शुरुआत में जो 98 प्रतिशत से अधिक रिकवरी दर थी, अब वही बहाल हो गई है। विशेषज्ञों के अनुसार तेजी से टीकाकरण और कोरोना की लहर कम होने से ऐसा हुआ है।
आंकड़ों के मुताबिक जिन जिलों में अधिक आबादी का टीकाकरण हुआ है, वहां पर तेजी से कोरोना के केस घटे हैं और मरीजों के ठीक होने की संख्या भी बढ़ी है। इनमें एनसीआर के जिले गुरुग्राम, फरीदाबाद सोनीपत समेत अन्य जिले शामिल हैं। जींद, सिरसा और पंचकूला में 3 प्रतिशत से अधिक संक्रमण दर है। शेष जिलों में 1 प्रतिशत से नीचे है।
जिला जनसंख्या टीकाकरण रिकवरी पॉजिटिविटी एक माह पहले दर
अंबाला 1128350 615962 98.12 1.18 8.47
भिवानी 1198085 318720 96.86 0.97 14.66
चरखीदादरी 502276 241129 97.15 0.24 6.79
फरीदाबाद 1809733 858002 99.20 0.44 8.49
फतेहाबाद 942011 248816 97.31 1.20 17.15
गुरुग्राम 1514432 1375234 99.43 0.35 3.60
हिसार 1743931 376317 97.80 0.84 10.98
झज्जर 958405 312313 98.24 0.08 2.87
जींद 1334152 259915 97.17 3.58 12.82
कैथल 1074304 254067 96.56 0.34 5.35
करनाल 1505324 489278 98.43 0.33 5.40
कुरुक्षेत्र 964655 292526 98.01 0.71 7.45
महेंद्रगढ़ 922088 308464 99.26 0.65 5.82
नूंह 1089263 107027 97.58 0.09 1.12
पलवल 1042708 296038 98.32 0.43 4.67
पंचकूला 561293 311831 98.48 3.57 12.49
पानीपत 1205437 306220 97.76 0.26 11.87
रेवाड़ी 900332 329549 98.78 0.16 11.77
रोहतक 1061204 314778 97.7 6.46 19.39
सिरसा 1295189 365653 97.92 3.07 15.61
सोनीपत 1450001 500482 99.43 0.30 6.58
यमुनानगर 1214205 368208 98.60 0.64 11.38
वैक्सीनेशन में सबसे आगे युवा
देरी से शुरुआत होने के बावजूद वैक्सीनेशन में सबसे आगे युवा चल रहे हैं। कोविन पोर्टल के अनुसार अब तक हरियाणा में कुल 8845172 लोगों का टीकाकरण हुआ है। इनमें से 7431816 ने पहली और 1422356 ने वैक्सीन की दोनों डोज ली हैं। 18 से 40 साल के 3757667 ने वैक्सीन ली, जबकि 45 से 60 के बीच के 2563030 और 60 साल से अधिक के 2533475 लोगों ने टीकाकरण कराया है।
पिछले एक माह से अधिक समय से कोरोना के केस कम हुए हैं। एक तो लहर कमजोर होने के कारण ऐसा हुआ है, दूसरा वैक्सीनेशन बड़ा हथियार है। प्रदेश में टीकाकरण तेजी से हो रहा है। ये एक तरह से सुरक्षा कवच है और अधिक से अधिक लोगों को इसको पहनना चाहिए।- डॉ. ध्रुव चौधरी, कोविड इंचार्ज, हरियाणा