मोहाली में बुधवार को रिकार्ड 134 नए कोरोना संक्रमित मिले, जो अब तक एक दिन में मिले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिन तीन लोगों की मौत हुई है, वह पहले से ही कई बीमारियों से पीड़ित थे। 134 नए संक्रमितों के मिलने के बाद मोहाली जिले में अब कोरोना पीड़ितों की संख्या 2138 पहुंच गई, जबकि 1173 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 922 सक्रिय हैं और 43 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस दौरान रिकॉर्ड 178 लोग कोरोना को मात देकर तंदुरुस्त हुए हैं।
उधर, चंडीगढ़ में बुधवार को 91 नए पॉजिटिव केस के मिलने के बाद शहर में कोरोना के मरीजों की संख्या 2396 हो गई है जबकि अब तक 31 मरीजों की जान जा चुकी है। इसके साथ ही 108 मरीज डिस्चार्ज किए गए। वहीं,88 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। शहर में जिन 91 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है उसमें पीजीआई कैंपस के 6 लोग शामिल है। पीजीआई में पॉजिटिव मिले मरीजों में 44 साल कि महिला 48 साल का पुरुष 16 साल का किशोर 46 साल का पुरुष 29 साल का युवक और 54 साल की महिला शामिल है। अन्य पॉजिटिव मरीज शहर के अलग अलग क्षेत्रों से हैं।
पंचकूला में एक दिन में सबसे ज्यादा 110 कोरोना पॉजिटिव मिले
पंचकूला में बुधवार को कोरोना के सबसे अधिक 110 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इसकी पुष्टि पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने की है। उन्होंने बताया कि अभी तक के यह सबसे ज्यादा केस सामने आए हैं।
उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि बुधवार को पंचकूला में 110 मामले पॉजिटिव आए। इनमें 26 बाहर के शामिल हैं। चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास से नौ और चंडीगढ़ के अन्य हिस्सों से नौ केस सामने आए हैं। वहीं कुरुक्षेत्र से दो, जीरकपुर से दो, मोहाली से एक, अंबाला से एक मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि पंचकूला के 86 मामले आए हैं।
इनमें सेक्टर 6, 7 व 17 में 3-3, पिंजौर व नानकपुर में 13-13, कालका में 24, सेक्टर 15 व 21 में 2-2, सेक्टर 4 में 6 व गांव मानक टाबरा में 4 मामले आए हैं। इसी प्रकार गांव कुंडी, सेक्टर 2, 10, 12, व 16, रायपुररानी, अभयपुर, कोट, इंदिरा कॉलोनी, बुढनपुर, राजीव कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र व अमरावती में भी एक एक मामला पॉजिटिव आया है।
अब तक कुल 1313 मामले आए सामने
अब तक जिले में कुल 1313 मामले आए हैं जिनमें से 311 मामले बाहरी राज्यों के जिलों से संबंधित हैं। पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि कोरोना के केस में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। डीसी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिना मास्क घर के बाहर नहीं निकलें। लोगों को घर से बाहर निकलते हुए सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना चाहिए।