प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने आदेश जारी किए कि शहर के सभी प्राइवेट अस्पताल और नर्सिंग होम में 25 प्रतिशत बेड कोरोना वायरस के मरीजों के लिए सुरक्षित रखे जाएं। नगर निगम के कमिश्नर केके यादव को आदेश दिए कि वह शहर के पार्षदों और अधिकारियों समेत विभिन्न इलाकों में लोकल एरिया कमेटियां बनाएं, जो कि उन लोगों पर नजर रख सकें, जो मास्क नहीं पहन रहे और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
बदनौर ने शिक्षा विभाग के निदेशक को आदेश दिए कि चल रहे ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान बच्चों को कोरोना वायरस से संबंधित जानकारी दी जाए व उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। बदनौर ने डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज और नगर निगम के अधिकारियों को आदेश दिए कि वह रैपिड एंटीजन टेस्टिंग के जरिए शहर के विभिन्न मार्केटों में कार्य करने वाले लोगों और वेंडर्स की कोरोना जांच करें।
शहरभर में अब तक हुए 2,692 रैपिड टेस्ट
बैठक में पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगतराम ने बताया कि कोविड वार्ड में 137 कोरोना वायरस के मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 44 चंडीगढ़ से, 55 पंजाब से, 14 हरियाणा से, 11 हिमाचल व बाकी अन्य राज्यों से हैं। उन्होंने बताया कि पीजीआई की ओर से लिए गए 733 कोविड सैंपल में से 102 पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें से 69 लोग चंडीगढ़ के हैं।
जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. बीएस चवन ने बताया कि उन्होंने 238 सैंपल लिए, जिसमें से चंडीगढ़ के 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। पिछले दो दिनों में 78 लोग ठीक होकर घर लौटे हैं। डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. जी दीवान ने बताया कि वह अभी तक शहर में 20,458 एंटीजन टेस्टिंग कर चुके हैं, जिसमें से 2,692 रैपिड एंटीजन टेस्टिंग हुई है।