कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए एस्टेट ऑफिस ने जन सुनवाई के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम शुरू कर दिया है। फरियादियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे इसको लेकर मात्र 20 पंजीकरण की व्यवस्था अभी की गई है। सभी कार्य दिवसों में 11 से 12 बजे तक लोगों की समस्याओं को अधिकारी सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लॉकडाउन 4.0 की घोषणा में सभी सरकारी और गैरसरकारी कार्यालयों को कुछ शर्तों के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना पर नियंत्रण के बाद जल्द ही इस योजना को विस्तृत रूप दिया जाएगा।
ऐसे कराएं पंजीकरण admser.chd.nic.in/estateofficeapt ई-अप्वाइंटमेंट से पंजीकरण के लिए फरियादी को अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इस पर ओटीपी सत्यापन के लिए भेजा जाएगा। एक मोबाइल नंबर और एक संपत्ति के खिलाफ केवल एक टोकन ही जारी किया जाएगा। ई-अप्वाइंटमेंट के साथ एस्टेट ऑफिस में आने वाले लोगों को एक मान्य आईडी प्रूफ भी साथ लाना अनिवार्य होगा।
पांच मिनट पहले आना होगा ऑफिस ई-अप्वाइंटमेंट मिलने के बाद मोबाइल पर समय की सूचना के बाद फरियादियों को पांच मिनट पहले ही प्रवेश दिया जाएगा। तय समय पर नहीं पहुंचने पर प्रवेश नहीं होगा।
केंद्र की गाइड लाइन के अनुरूप ही कार्य शुरू किया गया है। इससे कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी। कार्यालय स्थल पर अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं हो पाएगी। इसलिए यह व्यवस्था की गई है।
- मनीष लोहान, एएलओ, एस्टेट ऑफिस, चंडीगढ़