चंडीगढ़। शहर में कोरोना के बढ़ते मामले फिलहाल काबू में नहीं आ रहे हैं। ओमिक्रॉन वेरिएंट की चपेट में आने वालों की रफ्तार बढ़ रही है लेकिन संक्रमित मरीजों में से 98 प्रतिशत के होम आइसोलेशन में रहने से स्थिति नियंत्रित में है। ऐसे में घर पर रह रहे संक्रमितों के लिए जीएमएसएच-16 में फिर से हेल्प डेस्क शुरू कर दिया गया है। हेल्प डेस्क पर तैनात डॉक्टरों को मरीजों की कॉल का इंतजार है लेकिन जानकारी के अभाव में मरीज इस सुविधा से वंचित हैं। स्थिति यह है कि 24 घंटे में हेल्प डेस्क पर महज एक से दो कॉल ही आ रहीं हैं। मौजूदा समय में शहर में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 326 है। राहत की बात यह है कि 98 प्रतिशत मरीजों को अस्पताल जाने की नौबत नहीं आ रही है। ऐसे में हेल्प डेस्क की जिम्मेदारी बढ़ जाती है क्योंकि होम आइसोलेशन में रहने के दौरान मरीज को क्या करना है क्या नहीं, इसकी जानकारी वह डेस्क से ले सकते हैं। इसके साथ ही स्थिति बिगड़ने पर मरीज तत्काल डॉक्टर से संपर्क कर सकता है। मरीजों की सहूलियत को ध्यान में रखकर हेल्प डेस्क की स्थापना की गई थी जिसका कोविड काल में काफी लाभ मिला था।
कोविड हेल्प डेस्क नंबर
0172-2549524
0172-2752063
कोरोना के होम आइसोलेशन वाले मरीजों के लिए हेल्प डेस्क का संचालन किया जा रहा है। जीएमएसएच-16 में बनाए गए हेल्प डेस्क पर डॉक्टर और पैरामेडिक स्टाफ की रोटेशन के अनुसार ड्यूटी लगाई जा रही है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
-डॉ. वीके नागपाल, चिकित्सा अधीक्षक, जीएमएसएच-16