चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में सत्र 2021-22 के लिए 20 मई को दीक्षांत समारोह होने जा रहा है। तारीख तय होने के बाद वाइस चांसलर दफ्तर की ओर से बैठक भी बुलाई गई। दीक्षांत समारोह के मुख्यातिथि उपराष्ट्रपति और पीयू के चांसलर जगदीप धनखड़ होंगे। इस दौरान 950 उम्मीदवारों को डिग्री और अवॉर्ड दिए जाएंगे।
परीक्षा नियंत्रक दफ्तर के मुताबिक लगभग 450 शोधार्थियों को डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजा जाएगा। इसमें तय तारीख से दो-तीन दिन पहले तक पीएचडी पूरी करने वाले छात्रों को भी मौका दिया जाएगा ताकि कोई बैकलॉग न रहे और छात्रों को भी एक साल का इंतजार नहीं करना पड़े। इस मौके पर स्नातक और परास्नातक के लगभग 500 टॉपर छात्रों को गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। इनमें विज्ञान, फार्मा साइंस, आर्ट्स, एजूकेशन, भाषा, लॉ, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, बिजनेस मैनेजमेंट एंड कॉमर्स, डिजाइन एंड फाइन आर्ट्स आदि विभागों के शोधार्थी, स्नातक और परास्नातक के छात्र शामिल रहेंगे। इसके लिए तैयारियों को लेकर अभी कमेटियां बनाई जानी हैं। कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर हरियाणा व पंजाब के मुख्यमंत्रियों के साथ दोनों राज्यों के गवर्नर के शामिल हो सकते हैं। इन सभी को पीयू की ओर से निमंत्रण भेजा जाएगा।
जिम्नेजियम हॉल में समारोह करवाने की तैयारी
पीयू में दीक्षांत समारोह के जिम्नेजियम हॉल में करवाने की तैयारी चल रही है क्योंकि पीयू में मल्टीपर्पज हॉल कम ऑडिटोरियम अभी तक बनकर तैयार नहीं हुआ है। अभी स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर कमेटियां बनाई जानी हैं। सड़कों की मरम्मत के साथ साइन बोर्ड, पेड़ों की प्रूनिंग और सुंदरता को लेकर काम करवाया जाएगा। पहली बार पीयू में महिला वाइस चांसलर के निर्देशन में दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा।