दीक्षांत समारोह के बाद उत्साहित छात्राएं।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में शुक्रवार को 63वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश लॉ यूनिवर्सिटी शिमला की वाइस चांसलर प्रोफेसर निष्ठा जसवाल मुख्यातिथि रहीं। इस दौरान एक हजार स्नातक और स्नातकोत्तर छात्राओं को डिग्री भेंट की गई। कार्यक्रम में प्रोफेसर निष्ठा ने छात्राओं को परिवार और समाज में प्यार से व्यवहार करने और वसुधैैव कुटुम्बकम की परंपरा को बनाए रखने का आग्रह किया जिससे हम बेहतर देश का निर्माण कर सकें।
कार्यक्रम में मनोविज्ञान, लोक प्रशासन, अर्थशास्त्र, नृत्य, संगीत गायन, संगीत वाद्य, समाजशास्त्र, अंग्रेजी, ललित कला, एमकॉम, सूचना प्रौद्योगिकी, वनस्पति विज्ञान, भौतिकी, प्राणीशास्त्र, रसायन विज्ञान और कंप्यूटर अनुप्रयोगों में 264 छात्राओं को परास्नातक की डिग्री दी गई। वहीं, स्नातक श्रेणी में बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स और बीसीए के 168, बीए ऑनर्स के 262, बीए पास के 152 और बीएससी साइंस की 193 छात्राओं को डिग्रियों से सम्मानित किया गया। कॉलेज की 90 से अधिक छात्राओं ने पीयू की परीक्षा में अव्वल स्थान हासिल किया। इसमें 12 छात्राओं को पहला स्थान लेने के लिए पदक और 17 छात्राओं को रोल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। कॉलेज प्राचार्य प्रो. अनीता कौशल ने कॉलेज की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी और छात्राओं को बधाई दी।