चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को दीक्षांत समारोह होगा। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति और पीयू चांसलर वेंकैया नायडू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री, दोनों राज्यों के गवर्नर भी मौजूद रहेंगे। वीरवार सुबह से रात तक कार्यक्रम को लेकर रिहर्सल चलती रही। इस दौरान पीएचडी शोधार्थियों को बताया गया कि डिग्री लेने के लिए कैसे आएंगे। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान होने वाली अन्य गतिविधियों का भी अभ्यास करवाया गया। अभ्यास कार्यक्रम सुबह 9 बजे ही शुरू हो गया था जो देर रात तक चलता रहा।
उपराष्ट्रपति के स्वागत में जिम्नेजियम हॉल की तरफ पेड़ों की सुंदरता बढ़ाने के लिए रंग किया गया है। वीसी प्रो. राजकुमार ने दो बार दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। सुबह के समय ही डीआईजी दीपक पुरोहित, एसएसपी ट्रैफिक मनीषा चौधरी ने भी परिसर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था जांची। पूरा दिन चंडीगढ़ पुलिस अलग-अलग कोने पर तैनात रही। समारोह में छह सदस्यों को पीयू रत्न और तीन वैज्ञानिकों को ऑनरेरी डिग्री से सम्मानित किया जाएगा।
1128 पीएचडी शोधार्थियों को मिलेगी डिग्री
दीक्षांत समारोह में 1128 पीएचडी शोधार्थियों को डिग्री दी जाएगी। इनमें विज्ञान के 352, फार्मा साइंस में 34, आर्ट्स में 221, एजूकेशन में 169, भाषा में 118, लॉ में 84, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 88, बिजनेस मैनेजमेंट एंड कॉमर्स में 40, डिजाइन एंड फाइन आर्ट्स में 22 शोधार्थियों को डिग्री दी जाएगी। इसमें महिलाओं की संख्या 404 और पुरुषों की संख्या 724 है।
इन पीयू शिक्षकों को मिलेगी पीएचडी डिग्री
दीक्षांत समारोह के दौरान दस के करीब पीयू शिक्षकों को भी पीएचडी की डिग्री मिलेगी। इन शिक्षकों की पीएचडी वर्ष 2018-19, 2019-20 में ही पूरी हुई थी। इसमें चार शिक्षक वर्तमान में अलग-अलग छात्रावास के वार्डन भी हैं। पीएचडी डिग्री प्राप्तकर्ता शिक्षकों में डॉ. रविंदर, डॉ. सिमरन, डॉ. हरजीत, डॉ. मक्खन सिंह, डॉ. गौरव सापरा, डॉ. सुच्चा सिंह, डॉ. नवीन, डॉ. जगेत, डॉ. नीरज, डॉ. जसविंदर मेहता, डॉ. मंजुशी शर्मा, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. पूनम सूद, डॉ. मनिंदर कौर, डॉ. सरप्रीत कौर, डॉ. राज कुमारी इत्यादि शामिल हैं। वहीं, डीएवी कॉलेज में शिक्षक संघ के प्रधान डॉ. सुमित सकलानी को भी समारोह में पीएचडी की डिग्री मिलेगी।
पिता-बेटी एक साथ लेंगे पीएचडी डिग्री
पंजाब यूनिवर्सिटी के उर्दू विभाग में लाइब्रेरी असिस्टेंट डॉ. खुर्शीद अंसारी अपनी बेटी डॉ. हीना परवान के साथ पीएचडी की डिग्री हासिल करेंगे। डॉ. खुर्शीद ने उर्दू विषय और बेटी डॉ. हीना परवान ने मनोविज्ञान में पीएचडी की है। डॉ. खुर्शीद ने बताया कि यह बहुत हसीन पल है जब मैं अपनी बेटी के साथ डॉक्टरेट की डिग्री हासिल करूंगा।
पीएचडी के दौरान हुई दोस्ती, अब पति-पत्नी साथ में लेंगे डिग्री
पीजीआई में मेडिकल सोशल वर्कर डॉ. विनय धीमान और हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला में असिस्टेंट प्रोफेसर अनुपमा भारती एक साथ डिग्री हासिल करेंगे। डॉ. विनय और डॉ. अनुपमा दोनों ने ही वर्ष 2012 में सोशल वर्क विभाग में पीएचडी में अनरॉलमेंट करवाई। दोनों की गाइड डॉ. मोनिका थीं। इसी दौरान दोनों में दोस्ती हुई और 2017 में उन्होंने शादी कर ली। डॉ. विनय हरियाणा और डॉ. अनुपमा हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि लव मैरिज में थोड़ी दिक्कतें आईं चूंकि दोनों को पीएचडी के साथ नौकरी मिल गई थी तो परिवारों को मनाना आसान रहा। अब एक साथ डिग्री हासिल करना हमारी जिंदगी के अहम पलों में से एक है।
रिपोर्ट : कविता बिश्नोई फोटो : फोटोग्राफर और मेरे ट्रैक से