खनौरी बॉर्डर पर जान गंवाने वाले युवा किसान शुभकरन सिंह के अंतिम अरदास पर एकत्र हुई राशि को लेकर गांव की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर के स्थानीय सदस्यों पर पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में एक रिकार्डिंग भी वायरल हो रही है।
शुक्रवार को किसान यूनियन सिद्धूपुर के नेता गांव बल्लो में पहुंचे जहां पर उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रणजीत सिंह से एक लिखती शिकायत प्राप्त की और आश्वासन दिया कि तीन दिन में शिकायत की जांच कर निर्णय का एलान किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अकालसर के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि मृतक शुभकरन सिंह की अंतिम अरदास के मौके पर जो भी राशि गोलक में एकत्र हुई थी, उस बाबत अपने आप को भाकियू सिद्धूपुर के सदस्य बताने वाले स्थानीय कुछ लोगों ने उनसे गोलक में जमा हुई राशि में से एक लाख रुपये की मांग करनी शुरू कर दी लेकिन उन्होंने उक्त किसान यूनियन सदस्यों को स्पष्ट बोल दिया था कि यह राशि गुरुद्वारा साहिब में ही जाएगी।
पूरे मामले का एक ऑडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने किसान यूनियन के बारे में काफी कुछ बोलना शुरू कर दिया। वहीं, शुक्रवार को किसान यूनियन सिद्धूपुर के नेता बलदेव सिंह संदोहा एवं तीन अन्य नेता गांव बल्लो में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अकालसर के सदस्यों पास पहुंचे, जहां पर उन्होंने कमेटी सदस्यों की पूरी बात सुनी और कमेटी अध्यक्ष से लिखित शिकायत हासिल की।
किसान नेता संदोहा ने कहा कि जो शिकायत यूनियन को प्राप्त हुई है, उसकी तीन दिन में जांच कर निर्णय संबंधी एलान किया जाएगा। शुक्रवार को गांव बल्लो में एकत्र हुए गांव के लोगों एवं मृतक शुभकरन सिंह के परिजनों ने मांग की है कि उक्त पूरे मामले में पैसे मांगने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मृतक शुभकरन के चाचा बलजीत सिंह ने कहा कि उनके द्वारा किसी भी यूनियन से कोई पैसा नहीं मांगा गया है। उसके भतीजे का नाम ऐसे मामलों के साथ न जोड़ा जाए।