चंडीगढ़। शराब कारोबारी से अवैध वसूली के आरोप में क्राइम ब्रांच के हवलदार पवन कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच खोल दी गई है। मंगलवार को यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच के एसपी मनोज कुमार मीणा के आदेश पर हुई। वहीं, दूसरे मुलाजिम अनिल के खिलाफ अभी अधिकारियों की जांच अटकी हुई है।
अवैध वसूली की शिकायत मिलने के बाद जांच अधिकारी एएसपी श्रुति अरोड़ा और एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने इसकी रिपोर्ट क्राइम ब्रांच के एसपी मनोज कुमार मीणा को सौंप दी थी। इसके आधार पर पवन कुमार को निलंबित किया गया है। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के शराब कारोबारी सुरेश कुमार ने आरोप लगाया था कि उसके 8 ठेकों से हर महीने 12 हजार के हिसाब से क्राइम ब्रांच के मुलाजिम 96 हजार रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। इसके साउथ एएसपी श्रुति अरोड़ा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 नवंबर को क्राइम ब्रांच के दो मुलाजिमों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शराब कारोबार से अवैध वसूली का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करी थी। श्रुति अरोड़ा पिछले 10 दिनों से मामले की जांच कर रही थीं। शिकायत के बाद से मुलाजिम भूमिगत हो गए थे। मंगलवार को एसपी मनोज कुमार मीणा के पास रिपोर्ट पहुंचते ही हवलदार पवन को निलंबित किया गया है।
देसी घी सेटलमेंट केस में होगी जल्द कार्रवाई : एसपी
नवंबर महीने में क्राइम ब्रांच ने औद्योगिक क्षेत्र से 3.48 क्विंटल नकली देसी घी पकड़ा था। इस केस को सेटलमेंट कराने के एवज में क्राइम ब्रांच के सिपाही जसवीर समेत अन्य पर केस को सेटलमेंट करने पर 3.60 लाख की रिश्वत लेने का आरोप लगा था। मामले में पकड़े गए बरवाला निवासी विकास ने मुलाजिमों के खिलाफ पुलिस कंप्लेंट सेल (पीसीसी) में शिकायत दी थी। इसकी जांच बीते शुक्रवार को एसपी केतन बंसल को सौंपी गई थी। एसपी केतन बंसल ने कहा कि उनके पास क्राइम ब्रांच के मुलाजिमों की शिकायत आई है। जांच पूरी होने पर जल्द ही इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
जांच अधिकारी और एसएसपी यूटी की रिपोर्ट पर हवलदार पवन कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच खोल दी गई है। मामले में आगे की जांच चल रही है। -मनोज कुमार मीणा, एसपी, क्राइम ब्रांच