हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधान सभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जीत के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व मतदाताओं को बधाई दी है। इसे लेकर जहां हरियाणा कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में जीत का जश्न मनाया गया, वहीं कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल की थाप पर जमकर डांस किया।
डॉ. तंवर ने कहा कि श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के नेताओं तथा कार्यकर्त्ताओं ने जिस लगन और निष्ठा से कार्य किया वह बहुत सराहनीय है और इससे लोक सभा के आगामी चुनावों कि लिए पार्टी को काफी प्रोत्साहन मिलेगा। इन विधान सभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन से कांग्रेस पार्टी में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
डा. तंवर ने कहा कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश के लोग भाजपा की जन-विरोधी नीतियों से तंग आ चुके हैं और आगामी लोकसभा चुनावों में उन्होंने वोट की चोट से भाजपा को भगाने का पक्का इरादा कर लिया है। उन्होंने कहा कि आज के ये परिणाम झूठ पर सच की विजय का प्रतीक हैं और अंहकारी रवैये के खिलाफ फतवा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर एक-दूसरे को भी बधाई दी।