राजा वड़िंग के भाषण शुरू करते ही बिजली गुल
रोष प्रदर्शन में उस समय स्थिति अजीब बन गई, जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग कार्यकर्ताओं को संबोधित करने लगे। इस दौरान अचानक बिजली चली गई। बिजली जाने से माइक नहीं चला और वे इधर-उधर देखने लगे। बिजली गुल होने से कार्यकर्ताओं में रोष बढ़ गया और आप सरकार की हाय-हाय करने लगे। इस बीच कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पॉवरकाम ने जानबूझ कर बिजली कट लगा दिया है। मान सरकार कार्यकर्ताओं के जोश को देख कर घबरा गई है। इस बीच जब बिजली नहीं आई तो फटाफट जनरेटर को चलाया गया। इसके बाद ही वड़िंग कार्यकर्ताओ को संबोधित कर सके।
प्रताप बाजवा ने केजरीवाल से मांगी मदद
प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस ही देश को आगे ले जा सकती है। देश के अंदर शांतिमय माहौल बनाए रख सकती है। जब से केंद्र में मोदी सरकार आई है। देश में नफरत का माहौल है। केंद्र मनमर्जी करा रहा है। विपक्ष को दबाया जा रहा है। राहुल गांधी को सजा व संसद सदस्यता रद्द करना, मोदी की विपक्ष को खत्म करने व अंहकार नीति का परिणाम है। उन्होंने केजरीवाल से कहा कि मोदी सरकार को हराना है तो विपक्ष को एकजुट होना होगा। जांलधर में कांग्रेस के उम्मीदवार के खिलाफ आप अपना उम्मीदवार न खड़ा करें। कांग्रेस को जीत दिलाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि अन्यथा मोदी विपक्ष को खत्म करने में पीछे नहीं हटेंगे।