पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू मान गए हैं। रविवार को कांग्रेस की तरफ से सीएम फेस के एलान से पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान और पद के प्रबल दावेदार सिद्धू ने कहा कि हर कोई राहुल गांधी के फैसले का पालन करेगा। एक ट्वीट कर सिद्धू ने कहा कि बिना किसी निर्णय के कभी भी कुछ भी महान हासिल नहीं हुआ... पंजाब को स्पष्टता देने आए हमारे अग्रणी प्रकाश राहुल जी का हार्दिक स्वागत…. सब उनके फैसले का पालन करेंगे!!!
कांग्रेस की तरफ से अगले सीएम चेहरे के लिए मौजूदा सीएम चरणजीत चन्नी और पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू के नाम पर विचार किया गया था। हालांकि सर्वे में चन्नी सिद्धू से आगे निकल गए। इसके बाद हाईकमान की तरफ से कई तरीकों से चन्नी का नाम फाइनल होने का संकेत दिया। वहीं हाईकमान का रुख भांपते ही प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के तेवर भी कड़े हो गए थे।
वहीं कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब में अपना अगला मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने की तैयारी कर ली है। पार्टी की ओर से चन्नी को आगे रखकर मौजूदा विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए अलग से भी रणनीति बनाई गई है।
इसके तहत जहां चन्नी को लेकर कांग्रेस के प्रचार वाले विशेष पोस्टर और होर्डिंग तैयार कराए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री के रूप में अपने 111 दिन के कार्यकाल के दौरान चन्नी ने जो जनहित के कार्य किए, उन्हें कांग्रेस के नए पोस्टरों में प्रमुखता से हाईलाइट किया गया है।