कांग्रेस के सीनियर नेता एवं केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने भाजपा के उम्मीदवार अरुण जेटली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पंजाब के अकाली नेता जिनका नाम नशा तस्करी में आ रहा है, को साथ लेकर जेटली चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
उन्होंने कभी भी तस्करों के खिलाफ करवाई करने के लिए पंजाब सरकार पर दबाव नहीं डाला। कांग्रेस के उम्मीदवार कैप्टन के लिए प्रचार करने पहुंचे आनंद शर्मा ने कहा कि पंजाब में अकाली नेताओं ने नशा बांट कर पंजाब की जवानी को तबाह कर दिया है। पंजाब सरकार की ही रिपोर्ट के अनुसार दोआबा और माझा में 65 प्रतिशत युवा नशा के शिकार हैं, जबकि मालवा के 60 प्रतिशत युवा नशे का शिकार हो गए हैं। असल में ये आंकड़े इससे भी ज्यादा हैं।
दूसरी तरफ नशे की तस्करी मामले में नाम आने वाले अकाली नेताओं को साथ लेकर प्रचार कर रहे हैं। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि जेटली लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
शर्मा ने भाजपा द्वारा गुजरात के विकास संबंधी पेश किए जा रहे आंकड़ों को गुमराह करने वाले आंकड़े बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब झूठ के सहारे अपना प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के आने से अरुण जेटली यहां से मैदान छोड़कर भागने की बहुत कोशिश करते रहे हैं, लेकिन उनकी एक नहीं चल रही है।