नवजोत सिंह सिद्धू और नवजोत कौर सिद्धू
- फोटो : फाइल फोटो
लगभग चार महीनों की खामोशी के बाद डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपने पति पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के विधानसभा क्षेत्र के विकास की बागडोर एक बार फिर संभाल ली है। कई माह बाद डॉ. नवजोत कौर अपने निवास स्थित दफ्तर में बैठीं और लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से अपने समर्थक पार्षदों से फीडबैक लिया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में डॉ. सिद्धू ने दो टूक कहा कि वह अब कांग्रेस की सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। वह अब किसी भी राजनीतिक पार्टी में नहीं हैं। अब उनका एकमात्र लक्ष्य समाज सेवा करना है। एक समाजसेवी की नाते वह पंजाब व अपने विधानसभा हलके की लोगों की लड़ाई लड़ती रहेंगी।
एक सवाल के जवाब में डॉ. सिद्धू ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने हलके के पार्षदों के साथ कई बैठक की हैं। इनके द्वारा दी गई फीडबैक के बाद वह हलके की एक-एक सड़क का निर्माण करवाएंगी। वह पूर्वी हलके के लोगों के प्रति जवाबदेह है। यदि सरकार ने इस हलके के विकास के लिए धनराशि जारी न की तो वह पंजाब सरकार के विरुद्ध धरना लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगी।