लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार और अकाली दल में समझौता गया है। इसी की नतीजा है कि ड्रग तस्करी के केस में बुरी तरह से घिरे होने के बावजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया जेल से बाहर आ गए हैं। उनके बाहर निकलते ही पंजाब में खुलेआम चिट्टा बिकने लगा है।
इसका सबूत हाल ही में वायरल हुई अमृतसर की एक महिला का वीडियो है, जिसमें वह खुद को नशे का टीका लगाती है और उसका चलना भी मुश्किल हो रहा है। यही नहीं अब बादलों की आर्बिट बसें भी आसानी से दिल्ली जा रही हैं, जबकि उनकी सरकार के राज में तत्कालीन ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आर्बिट की बसों को दिल्ली जाने से रोका था। साफ है कि आप व अकाली दल में अंदरखाते समझौता हो चुका है।
बिट्टू सोमवार को पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु से मुलाकात करने पहुंचे थे। बिट्टू ने कहा कि भारत भूषण आशु को गलत ढंग से 2000 करोड़ के ट्रांसपोर्ट टेंडर घोटाले में फंसाया गया है, क्योंकि आज तक एक भी ठेकेदार ने कोर्ट के सामने नहीं माना कि आशु की इस घोटाले में कोई भूमिका रही है। बिट्टू ने कहा कि आप सरकार ने राजनीतिक बदले की भावना से आशु को फंसाया है लेकिन उन्हें पूरी उम्मीद है कि अदालत से आशु को जल्द इंसाफ मिलेगा।
बिट्टू ने मजीठिया की ओर से लगातार जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई की मांग पर सवाल उठाते हुए कहा कि मजीठिया को राजोआना की सजा तो दिखती है लेकिन उन लोगों का क्या, जिनको राजोआना ने मारा था। आज उन लोगों के परिवार वाले किसके कंधे पर सिर रखकर रोएं।
एक सवाल के जवाब में बिट्टू ने माना कि उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू से मिलने का समय नहीं मांगा था। साथ ही बताया कि जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा पंजाब आएगी। उन्होंने दावा किया कि इसमें लाखों लोग जुड़ेंगे। इस मौके पर बिट्टू ने पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस में ही रहना चाहिए था।