पुलवामा आतंकी हमले के बाद पूरे देश में रोष है। इस घटना से कैबिनेट मंत्री नवजोत सिद्धू की स्थिति अजीब हो गई। एक तरफ देश, तो दूसरी तरफ हमले के लिए जिम्मेदार पाक के पीएम और उनके दोस्त इमरान खान। सिद्धू ने हमले की कड़ी निंदा की, पर दोस्ती भी निभाई। किसी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के लिए पूरे देश या व्यक्तियों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान सिद्धू ने कहा कि पुलवामा हमला एक निंदनीय और कायरतापूर्ण कार्य है। इसके लिए जो भी जिम्मेदार है, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। कभी भी जान लेना कोई हल नहीं हो सकता। आतंकवाद का न कोई मजहब होता है, न कोई जात होती है, न ही कोई पार्टी, न देश। मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं। लेकिन उन्होंने इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि क्या इस घटना का दोनों देशों के बीच चल रही शांति प्रक्रिया पर कोई असर पड़ेगा।