पंजाब विधानसभ चुनाव के लिए कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी
कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इसे नई दिल्ली में जारी किया। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह और राजिंदर भट्टल सहित राज्य के शीर्ष नेता मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ में प्रदेश स्तर पर इस घोषणा पत्र को राज्य इकाई के उपाध्यक्ष मनप्रीत बादल ने जारी किया। पटियाला में पूर्व सीएलपी नेता सुनील जाखड़, बठिंडा में पूर्व मंत्री परनीत कौर और जालंधर में लोकसभा सदस्य संतोष चौधरी ने जिला स्तर पर जारी किया।
इस मौके पर मनमोहन ने कहा कि बीते दस साल में पहले की सरकार ने पंजाब में विकास को रोके रखा। अब पंजाब को अमरिंदर के नेतृत्व की जरूरत है। पंजाब के लोग बेहतर कल चाहते हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह की लीडरशिप में पंजाब काफी तरक्की करेगा। उन्हें काफी अनुभव है।