कांग्रेस हाईकमान के खिलाफ विवादास्पद बयान देने वाले जगमीत बराड़ पर फैसला एक-दो दिन में कर लिया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी शकील अहमद ने यह संकेत दिए हैं।
शकील ने कहा कि बराड़ की ओर से पहले भेजा गया जवाब आधा-अधूरा मिला था। इसके बाद उन्हें पूरा जवाब भेजने को कहा गया था। बुधवार को उनका पूरा जवाब मिल गया है। इसका आकलन किया जाएगा।
एक-दो दिन में इस पर फैसला किया जाएगा। एक तरफ पार्टी बराड़ के जवाब के आकलन में लगी हुई है। दूसरी तरफ, बराड़ एक केबाद एक बम फोड़ रहे हैं।
पहले दिए बयान पर विवाद अभी ठंडा नहीं हुआ था कि मंगलवार को उन्होंने एक और विवादास्पद बयान दे दिया। बराड़ ने अब कहा है कि पार्टी में आम वर्कर की हालत लावारिस कुत्ते जैसी है।
इससे पहले भी वह कथित तौर पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को दो साल की छुट्टी पर जाने की सलाह दे चुके हैं।
बराड़ ने यह भी कहा था कि डॉ. मनमोहन सिंह की जगह प्रणव मुखर्जी जैसे नेता को प्रधानमंत्री बनाना चाहिए था।