कांग्रेस ने निकाय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को नवनियुक्त प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने जिन नगर काउंसिलों व पंचायतों में चुनाव होने हैं, उनसे संबंधित विधायकों और हारे कैंडिडेट की बैठक बुलाई। इसमें निकायमंत्री नवजोत सिद्धू भी शामिल हुए।
जाखड़ ने कहा कि निकाय चुनाव की रणनीति तैयार करने को बैठक बुलाई गई थी। सभी को शहरों में सफाई पर विशेष ध्यान देने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुंचाने को कहा गया है। सिद्धू ने कहा कि पूर्व सरकार ने शहरों के विकास को कोई ठोस नीति नहीं बनाई थी। उनकी नीयत में खोट था। कांग्रेस सरकार का एजेंडा पारदर्शिता से काम करना है। विभाग सितंबर से पहले चुनाव कराने को तैयार है।
बैठक के दौरान सभी ने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन ने विकास के बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट है। शहरों में विकास नहीं हुआ, इसलिए नाराज लोगों ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट दिए। अब सरकार को विकास कार्य जल्द शुरू करवाने चाहिए। जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने मैनिफेस्टो में भी शहरों में बुनियादी ढांचे के सुधार का वादा किया था। लोगों को मूलभूत सुविधाएं हर हाल में मुहैया कराई जाएंगी। सिद्धू ने कहा कि विभाग पूरी तरह तैयार है, जब सरकार चाहेगी, चुनाव कराए जा सकते हैं। विकास के प्रोजेक्ट भी तैयार हैं। बैठक में रजिंदर कौर भट्ठल, मोहिंदर सिंह केपी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग नहीं पहुंचे।