हुड्डा ने अपने तेरह विधायकों के साथ मोर्चा संभाला
मंदसौर से शुरू हुए किसान आंदोलन को कांग्रेस अब हरियाणा में पूरे दमखम से उठाने की तैयारी कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर और कैथल से विधायक व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने भी अपने कार्यक्रम तय कर दिए हैं।
कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह के बीच चंडीगढ़ में 13 विधायकों को एक मंच पर लाकर हुड्डा ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि पार्टी का बड़ा धड़ा उनके साथ है। शुनिवार को हुड्डा के कार्यक्रम में न तो रणदीप सुरजेवाला और न ही किरण चौधरी ने शिरकत की। कांग्रेस में बाद में शामिल हुए कुलदीप और उनकी पत्नी रेणुका बिश्नोई पहले से ही हुड्डा खेमे से जुदा चल रहे हैं। संकट के इस दौर में हुड्डा के साथ कदमताल कौन करेगा, यह आने वाले समय में साफ हो जाएगा।
हुड्डा की किसान पंचायत का अगला चरण 25 जून को रेवाड़ी में है। यहां उनके पुराने साथी कैप्टन अजय यादव उनके साथ शामिल होंगे या नहीं, यह भी साफ हो जाएगा। फिलहाल हुड्डा ने सभी को किसानों से जुडे़ मुद्दे पर आगे आने का आह्वान किया है।