ये सरकार किसान और पहलवान की नहीं, सिर्फ धनवान की है: दीपेंद्र
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मध्य प्रदेश के मंदसौर गोलीकांड की छठवीं बरसी पर कल हरियाणा में कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में भाजपा सरकार ने एक बार फिर अपना किसान विरोधी चेहरा दिखाया है। जिस बर्बरता के साथ किसान पर लाठीचार्ज किया गया, उससे ब्रिटिश साम्राज्य की क्रूरता की याद आ गयी। इससे स्पष्ट हो चुका है कि ये सरकार न किसान की है न जवान की है न पहलवान की है। ये सरकार सिर्फ धनवान की है।
मंडी में किसान की फसल पिट रही है और सड़क पर किसान पिट रहा है, इसको पूरा देश देख रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि किसान धैर्य रखें अगर ये सरकार एमएसपी की कानूनी गारंटी नहीं देगी तो 2024 में बदलाव आएगा और कांग्रेस सरकार बनते ही एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग को पूरा करेंगे।
किसान भाजपा सरकार से अपना हक मांग रहे हैं न कि खैरात: ओपी चौटाला
इनेलो सुप्रीमो एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों पर बेइंतहा जुल्म ढा रही है। अन्नदाता जो पूरे देश के लोगों का पेट भरने का काम करता है उन्हें सड़कों पर रौंदा जा रहा है, उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, उन पर मुकदमें दर्ज कर उन्हें जेल में डाला जा रहा है। इतना जुल्म तो कभी मुगलों और अंग्रेजों ने भी नहीं किया था जितना आज भाजपा सरकार कर रही है।