12 सितंबर है नामांकन की अंतिम तारीख
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 12 सितंबर नामांकन की अंतिम तारीख है। इससे पहले आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने को लेकर लगातार वार्ता कर रही है। गुप्ता ने कहा कि हम सभी 90 सीटों के लिए तैयारी कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस आप को छह विधानसभा सीटें देने पर सहमत हो गई है। इसके अलावा कांग्रेस ने सपा को भी दो सीटें दी हैं। संभावना थी कि सोमवार को गठबंधन का एलान हो सकता है। लेकिन इससे पहले ही सुशील गुप्ता के बयान ने संशय बढ़ा दिया है।
चल रहा था बैठकों का दाैर
शनिवार के बाद रविवार को भी हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया और आप नेता राघव चड्ढा के बीच बैठक हुई थी। सूत्रों का दावा है कि आप दस सीटें मांग रही थी, लेकिन कांग्रेस ने उनको इतनी सीटें देने से साफ इन्कार दिया। कांग्रेस ने छह सीटों का ऑफर किया, जिस पर आप ने सहमति जताई थी। सूत्रों के अनुसार पंजाब के साथ लगी पिहोवा, कलायत, जींद और एनसीआर में गुरुग्राम, ओल्ड फरीदाबाद और पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट आप को देने पर सहमति बनी है।
उधर, आप की ओर से पंजाब के साथ ही लगती गुहला चीका सीट भी मांगी है, लेकिन इस पर सहमति नहीं बनी है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को भी दो सीटें हैं। एनसीआर में शामिल हथीन और सोहना विधानसभा सीटें सपा के खाते में जा सकती हैं।