चंडीगढ़ एसएसपी सुखचैन सिंह गिल
- फोटो : फाइल फोटो
चंडीगढ़ के एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल के खिलाफ दी गई लिखित शिकायत अब राजभवन पहुंच गई है। पिछले दिनों पंजाब कांग्रेस भवन में घुसकर पुलिस द्वारा मचाए गए तांडव की राज्यपाल से शिकायत करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
कांग्रेस की किसान खेती मजदूर सेल के चेयरमैन और पूर्व मंत्री इंदरजीत सिंह हीरा के नेतृत्व में राजभवन पहुंचे कांग्रेसियों ने राज्यपाल को लिखित ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन में कहा गया कि चंडीगढ़ के एसएसपी एक पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि अकाली दल के पदाधिकारी की तरह व्यवहार करते हैं। पांच मई को कांग्रेस कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मीडिया के साथ दुर्व्यवहार करना इसकी ताजा उदाहरण है।
हीरा ने राज्यपाल से कहा कि पंजाब के बुरे हालात को देखते हुए पंजाब में तत्काल राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। इसके अलावा उन्होंने पंजाब में मीडिया पर लागू इमरजेंसी भी तत्काल समाप्त करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीटीसी और फास्टवेव चैनल तुरंत बंद किए जाएं, अन्यथा कांग्रेस किसान सेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाएगी।