कस्टम कमिश्नर दीपक गुप्ता, ज्वाइंट कमिशनर अरविंद कुमार और एसपी पीपी सिंह ने शनिवार को डेरा बाबा नानक पहुंच कर करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि उनके कांप्लेक्स कहां बनाए जाएंगे। इससे पूर्व अधिकारियों ने दूरबीन के जरिए पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन किए।
इस दौरान कमिश्नर दीपक गुप्ता ने बताया कि यहां पर एक कॉमन कांप्लेक्स बनाया जाएगा, इस कांप्लेक्स में इमीग्रेशन कस्टम के अलावा अन्य विभाग भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस कांप्लेक्स को बनाने के लिए सरकार ने गृह मंत्रालय को लिखा है। कमिश्नर दीपक ने बताया कि वह यहां इस बात का जायजा लेने पहुंचे हैं कि किस जमीन पर कांप्लेक्स बनाया जाएगा, उनका स्टाफ कहां कैसे काम करेगा और यहां काम करने पर उनके अधिकारियों को कैसे चैलेंज पेश आएंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों देश के विदेश मंत्रालय ही फैसला लेंगे कि पासपोर्ट एंट्री होगी या नहीं। गौरतलब है कि कस्टम विभाग से पहले 16 जनवरी को स्थानीय प्रशासन की अगुवाई कर रहे डेरा बाबा नानक के एसडीएम अशोक कुमार शर्मा और बीएसएफ के अधिकारियों ने बैठक करके निर्माण स्थल का जायजा लिया था। बैठक के बाद भारत-पाक सीमा पर बने दर्शन स्थल तक आने वाली सड़कों की निशानदेही की गई थी और जमीन की निशानदेही के लिए लाल झंडियां भी लगाई गई थी।