चंडीगढ़। कांग्रेस नेता जयराम रमेश की शिकायत का हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने चुनाव आयोग को जवाब दे दिया है। रमेश ने आरोप लगाया था कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कांग्रेस पार्टी को युवा विरोधी बताया है। ऐसे में अब कर्मचारी चयन आयोग ने अपना स्पष्टीकरण देते हुए कहा, चेयरमैन या आयोग से जुड़े किसी भी व्यक्ति ने इस प्रकार की कोई बयानबाजी नहीं की है।
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के नेता जयराम रमेश ने नौकरियों का परिणाम जारी नहीं करने को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की थी। भाजपा इस मुद्दे को भुनाने के लिए कांग्रेस पर युवा विरोधी होने का आरोप लगा रही है, जबकि कांग्रेस भर्ती लटकाने को लेकर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है।