आम आदमी पार्टी से कार्यकर्ता के तौर पर जुड़े रहे कैप्टन अमरीक सिंह सोमवार सुबह तक आम आदमी पार्टी के साथ थे, लेकिन सुबह साढ़े 11 बजे सीमा भारद्वाज के साथ भाजपा कार्यालय सेक्टर-दो पहुंचे। सीमा भारद्वाज अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुईं। इस दौरान अमरीक ने भाजपा के लिए तारीफों के पुल बांध दिए। उन्होंने भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया के साथ फोटो भी खिंचवाई, लेकिन शाम को अंबाला संसदीय सीट से आप के प्रत्याशी एसपी सिंह की ओर से आयोजित प्रेस कांफ्रेस में अगली सीट पर जा बैठे।
शाम में AAP की प्रेस कांफ्रेस में नजर आए
प्रेस कांफ्रेस में अमरीक सिंह पार्टी की एकजुटता का हवाला देने लगे, तभी पत्रकारों ने सवाल किया कि आपके बगल में बैठे सज्जन तो सुबह ही भाजपा में शामिल हुए हैं तो वह चौंक गए। मामले को संभालते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी की ओर से नहीं बुलाया गया था। इसी बीच गुस्से में आए अमरीक सिंह पत्रकारों पर ही भड़क उठे। अमरीक ने कहा कि यहां लोकतंत्र है। वह जहां चाहे जा सकते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी नेताओं को यह बात हजम नहीं हुई और उन्होंने अमरीक सिंह को कुर्सी से उठाकर बाहर भेज दिया।
भाजपा और AAP के नेताओं ने ये कहा
भाजपा जिलाध्यक्ष विशाल सेठ ने बताया कि भाजपा में सीमा भारद्वाज के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के करीब 30 कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। उनमें हर तरह के लोग थे, लेकिन एक सदस्य को लेकर विवाद पैदा हुआ है। हो सकता है कि वह जासूसी के लिए आया हो। इसकी जांच कराई जाएगी।
वहीं अंबाला से आप उम्मीदवार एसपी सिंह ने बताया कि उस शख्स को पहले पार्टी के किसी कार्यक्रम में नहीं देखा गया। उसकी भूमिका का भी पता नहीं है। इसलिए जांच की जाएगी। अगर कार्यक्रम में कोई ऐसा व्यक्ति आया तो इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन कार्यक्रम से किसी को बेवजह बाहर भी नहीं किया जा सकता था।
नेताओं पर निजी स्वार्थ सिद्ध करने का लगाया आरोप
सीमा भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी में स्थानीय स्तर पर कुछ लोग अपनी निजी स्वार्थ सिद्ध करने में लगे हैं और कार्यकर्त्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी केवल वादे करती है और बाद में उन्हें भूल जाती है। टिकटों के बंटवारे में भी धांधली हुई है और पार्टी के सच्चे सिपाही को दरकिनार करके पैराशूट प्रत्याशी उतारे जा रहे हैं। इस मौके पर मीडिया प्रभारी विकास पॉल, रेखा शर्मा, प्रमोद सिंगला, युवा प्रधान राजेश गौड़, उपप्रधान गुरप्रीत गुर्ज्जर भी उपस्थित थे। उधर, भाजयुमो में सोमवार को 15 कार्यकर्ता शामिल हुए।