विराट कोहली पर लगे आरोपों को कोच अनिल कुंबले ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने अपना और टीम का पक्ष स्पष्ट करते हुए कई बातें कहीं। टीम इंडिया के कोच कुंबले ने ब्रिटिश मीडिया द्वारा लगाए गए गेंद से छेड़छाड़ के आरोपों को नकारते हुए कहा कि वह इस तरह की खबरों को हवा देने में विश्वास नहीं करते।
हमने कोई बॉल टैंपरिंग नहीं की है और विराट जैसा सीनियर प्लेयर तो ऐसा बिल्कुल नहीं कर सकता। हमसे न तो अंपायर ने इस बारे में बात की और न ही मैच रेफरी ने। वहीं जहां तक डुप्लेसिस की बात है तो मुझे इस बारे में ज्यादा नहीं पता लेकिन वे सीरीज में 2-0 से आगे हैं। जब आप जीत रहे होते हैं तो आप पर आरोप लगते ही हैं। जरूरी नहीं की वे आरोप सही ही हों।
कोहली की गेंद पर थूक लगाने की फुटेज आई थी सामने
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच अनिल कुंबले
एक ब्रिटिश टैबलॉयड ने इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में पहले टेस्ट के दौरान कोहली की गेंद पर थूक लगाने की फुटेज दिखाई थी। हालांकि इंग्लैंड टीम या आईसीसी के मैच रैफरी द्वारा पांच दिन की विंडो के दौरान कोई भी शिकायत दर्ज नहीं की गई जो विश्व क्रिकेट की संचालन संस्था के नियमों के अनुसार अनिवार्य है। आईसीसी पहले ही कह चुका है कि वह नियमों के अनुसार कोई जांच नहीं कराएगा।
अनिल कुंबले ने इस मामले पर अपना और अपनी टीम का पक्ष स्पष्ट करते हुए मीडियाकर्मियों से कहा, ‘पहली बात तो मैं मीडिया में आई इस तरह की किसी भी रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता। जहां तक मेरा संबंध है तो न तो अंपायर और न ही मैच रेफरी हमसे इस बारे में बात करने आए। हम निश्चित रूप से इस तरह की खबरों को ज्यादा हवा भी नहीं देना चाहते हैं।’
हमारा कोई खिलाड़ी ऐसी गतिविधि में शामिल नहीं
कुंबले कोहली
पूर्व भारतीय स्पिनर कुंबले ने कहा कि वह ब्रिटिश मीडिया द्वारा रिपोर्ट की गई खबरों से बिल्कुल भी परेशान नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘इस बारे में चिंता करने की कोई बात नहीं है। लोग आरोप लगा सकते हैं और मीडिया में जो कुछ लिखना चाहें, लिख सकते हैं। हमारा कोई भी खिलाड़ी इस तरह की गतिविधि का हिस्सा नहीं था।
अश्विन लाजवाब, जयंत ने दिखाई परिपक्वता
स्पिनर अश्विन और जयंत यादव की कुंबले ने सराहना की है। कुंबले ने कहा, ‘उन्होंने (अश्विन) वेस्टइंडीज से लेकर अब तक शानदार काम किया है। जब रोहित (शर्मा) खेले थे तो हम केवल चार गेंदबाजों और छह बल्लेबाजों के साथ खेले थे। अश्विन ने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी। हमें 20 विकेट हासिल करने के लिए पांचवें गेंदबाज की जरूरत थी।