टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले ने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। बैटिंग से लेकर गेंदबाजी तक हर पहलू पर उन्होंने टीम को सराहा। वर्तमान क्रिकेट में टीम के लिए रन बनाना, विकेट लेना और साथ साथ फिल्डिंग में रन बचाने वाले खिलाड़ियों की जरूरत है।
यह कहना हैकोच अनिल कुंबले का। भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ कोच अनिल कुंबले ने वीरवार को पीसीए स्टेडियम मोहाली में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह अपनी टीम के प्रदर्शन से पूरी तरह से संतुष्ट हैं।
खासकर टीम के गेंदबाजों ने उनको सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। बल्लेबाज तो अपना काम कर ही रहे हैं, वहीं गेंदबाज दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वे लगातार विकेट निकाल रहे हैं साथ में टीम के लिए रन भी बना रहे हैं।
चीफ कोच ने कहा कि गेंदबाजों ने राजकोट में 240 ओवर डाले जबकि विशाखापत्तनम में भी 200 ओवर से ज्यादा गेंदबाजी की। टेस्ट श्रृंखला में 20 विकेट लेकर उन्होंने टीम को 1-0 से आगे किया।
जयंत यादव का जवाब नहीं
अनिल कुंबले और विराट कोहली
युवा गेंदबाज जयंत यादव की तारीफ करते हुए कुंबले ने कहा कि वह एक युवा और जोशीले खिलाड़ी हैं। जिस प्रकार उन्होंने डेब्यू किया है वह हर किसी का सपना होता है। उन्होंने लोअर ऑर्डर में टीम के लिए रन भी बनाए और विकेट भी निकाले। इसके साथ साथ वे फिल्डिंग में भी टीम के लिए रन बचाते हैं।
आज के क्रिकेट में ऐसे खिलाड़ियों की ही जरूरत है। कुंबले ने मोहाली की तेज पिच के बारे में कहा कि आप 90 के दशक की बात कर रहे हैं, जब यहां की पिच सिर्फ तेज गेंदबाजों को ही मदद करती थी। आज पिच स्लो हो गई है और इसका मिजाज बदल चुका है।
पार्थिव को प्रदर्शन का मिला फल
तीसरे टेस्ट केलिए टीम में जगह बनाने वाले पािर्थव पटेल केबारे में कुंबले ने कहा कि उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसी कारण उन्हें टीम में जगह मिली। वहीं रिद्धमान साहा का नहीं होना टीम के लिए बुरा तो है लेकिन चोट के बाद उन्हें मैच में उतारा नहीं जा सकता।
अश्विन का जवाब नहीं
अनिल कुंबले
टीम में छठें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले अश्विन केबारे में चीफ कोच ने कहा कि अश्विन के खेल में दिन प्रतिदिन निखार आता जा रहा है। उन्हें चाहे छठें स्थान पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाता है तो भी वह बल्लेबाजी का आनंद लेते हुए लगातार रन बनाते जा रहे हैं।
स्वीट गेट पर कुछ नहीं कहना चाहता
कुंबले से जब कोहली पर लगे बॉल टैंपरिंग के आरोपों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। हमने कोई बॉल टैंपरिंग नहीं की है और विराट जैसा सीनियर प्लेयर तो ऐसा बिल्कुल नहीं कर सकता।
हमसे न तो अंपायर ने इस बारे में बात की और न ही मैच रेफरी ने। वहीं जहां तक डुप्लेसिस की बात है तो मुझे इस बारे में ज्यादा नहीं पता लेकिन वे सीरीज में 2-0 से आगे हैं। जब आप जीत रहे होते हैं तो आप पर आरोप लगते ही हैं। जरूरी नहीं की वे आरोप सही ही हों।