मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के वस्त्राल से देशभर में आरंभ की गई प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के राज्य स्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित असंगठित क्षेत्र के कामगारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की लगभग 300 योजनाएं गरीब व्यक्ति के लिए संचालित हैं।
इन्हें ऑनलाइन एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के लिए अंत्योदय केंद्र व सरल केंद्र तथा ग्रामीण स्तर पर अटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने घोषणा कि इस प्रकार की सभी योजनाओं का लाभ गरीब व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए राज्य सरकार एसआईपी अकाउंट खोल रही है, जो ट्रस्ट का कार्य करेगा।
श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री स्वयं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना श्रमिकों को समर्पित कर रहे हैं। श्रम आयुक्त विजय सिंह दहिया ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, कालका विधायक लतिका शर्मा, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रमेश बलहारा, उपाध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा, उपायुक्त डॉ. बलकार सिंह, पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, भाजपा जिला प्रधान दीपक शर्मा, महामंत्री हरेंद्र मलिक, शिवालिक विकास बोर्ड के सदस्य श्यामलाल बंसल, भवन एवं श्रम निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड अध्यक्ष के सलाहकार हनुमान गोदारा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।