शहर में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी कविता जैन के रोड शो में सीएम मनोहर लाल के साथ ही फिल्मी सितारे पहुंचे। सीएम मनोहर लाल ने लोगों से कहा कि विधायक बनाना तुम्हारा तो उसके बाद ताकत देना मेरा काम है। इस मौके पर अभिनेत्री महिमा चौधरी और अभिनेता असरानी ने भी भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट करने की अपील की।
गोहाना रोड बाइपास से रोड शो शुरू किया गया। यह रोड शो गोहाना रोड, ककरोई रोड, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली, रोहतक रोड़ फ्लाईओवर, ओल्ड डीसी रोड, दीपक मंदिर, कच्चे क्वार्टर मार्केट में सुभाष चौक पर खत्म हुआ। रोड शो में ओल्ड रोहतक रोड पर फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी और असरानी व कच्चे क्वार्टर में सीएम मनोहर लाल शामिल हुए।
सीएम ने कहा कि सोनीपत की राजनीति को कुछ लोगों ने अपनी जायदाद मान लिया था, लेकिन कविता जैन ने दस साल पहले सोनीपत में कमल खिलाया तो लोकसभा चुनाव में भी कमल खिलने से उन लोगों का भ्रम दूर हो गया। सीएम ने कहा कि सोनीपत में पिछले पांच साल में काफी काम हुए हैं और जितने भी बचे हुए काम हैं, उनको पूरा कराना प्राथमिकता होगी।
भाजपा प्रत्याशी कविता जैन ने कहा कि वह हमेशा जनता की सेवा करती रही है और इस कारण ही जनता का साथ हमेशा मिलता रहा है। इस दौरान सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, पूर्व विधायक अनिल ठक्कर, देवेंद्र कौशिक, साधना तनेजा, देवेंद्र दहिया, लक्ष्मीनारायण तनेजा, इंदु वलेचा, ललित महेंद्रू, राजेंद्र चांदना, प्रमोद शर्मा आदि मौजूद रहे।
महिमा चौधरी बोलीं- कविता जैन नै जिताके तोड़ पाड़ दियो
फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी और असरानी जब भाजपा प्रत्याशी कविता जैन के रोड शो में शामिल हुए तो उन्होंने कई फिल्मी डायलॉग बोलकर वोट मांगे। फिल्म अभिनेता एवं हास्य कलाकार असरानी ने कहा कि आधे इधर न जाओ, आधे उधर न जाओ, सारे मतदाता कविता जैन के पीछे आओ डायलॉग बोलकर वोट मांगे।
वहीं महिमा चौधरी ने ठेठ हरियाणवीं बोलते हुए कहा कि कविता जैन नै जिताके तोड़ पाड़ दियो। इसके अलावा महिमा चौधरी ने औरत को पैर की जूती ना समझो साहब, जिस दिन पड़ेगी, बेभाव की पड़ेगी डायलॉग सुनाया।