‘थारे बीच में थारा भाई, बणा बणाया मुख्यमंत्री खड़ा है, ईब फैसला थमनै करणा सै। थम मजबूत रहो, कमर पै वार मत होण द्यो, छाती पै मैं नहीं होण द्यूंगा।’
ये शब्द मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने गृह जिला रोहतक में कहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। अब वक्त आ गया है, चुनावों में अपनी वोट की चोट से भाजपा द्वारा कैथल में किए गए अपमान का बदला लेना है।
उन्होंने रोहतक में रूठों को मनाने के लिए भावुक अपील की और कहा कि आप में से कोई मुझसे नाराज हो सकता है, मेरे विधायक से नाराज हो सकता है, लेकिन अपने बच्चों और इलाके से नाराज मत होना। अपना राज लाने में 40 साल लगे हैं, लेकिन जाने में एक मिनट लगेगा। इसलिए सोच समझ कर फैसला लेना।
हुड्डा बृहस्पतिवार की शाम रोहतक स्थित कांग्रेस चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपके पास वोट मांगने के लिए भाजपा और इनेलो दोनों पार्टियों के लोग आएंगे। लेकिन भाजपा के पास सीएम का प्रत्याशी नहीं है और दूसरी पार्टी का मुख्यमंत्री जेल में बैठा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में गरीब आदमी का जो भला मैंने किया है वे (भाजपा व इनेलो) कभी नहीं कर सकते हैं। उन्होंने स्वयं की मजबूरी बताते हुए लोगों से अपील की कि वह शुक्रवार को किलोई और कलानौर से होते हुए शाम को शहर में पहुंचेंगे। इसके अलावा एक बार और आ पाउंगा। मेरा इंतजार ज्यादा मत करना, यदि मुझे यहीं पर रखा तो ‘भाईऱ्, डांगर हांड ज्यांगे।’