एसएसएफ को हरी झंडी दिखाते सीएम भगवंत मान।
- फोटो : twitter
दुबई की तर्ज पर पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए नई पहल की है। सीएम मान ने पंजाब में सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की शुरुआत की है। इस मुहिम को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तारीफ की। अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा, पंजाब सरकार ने सराहनीय कदम उठाए हैं। आप सरकार ने सार्वजनिक लाभ को प्राथमिकता दी है, जिसमें सुरक्षा के लिए सड़क सुरक्षा फ़ोर्स की शुरुआत भी है।
एक फरवरी से प्रदेश भर में यह सड़क सुरक्षा फोर्स पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आएगी। पंजाब के हाईवे, मुख्य मार्गों और हॉट-स्पॉट (ज्यादातर सड़क दुर्घटना स्थल) पर इनकी तैनाती की जाएगी। इस साल अभी तक 160 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। ऐसे दर्दनाक सड़क हादसों पर ही अंकुश लगाने के लिए इस नई पहल की शुरुआत की गई है।
सड़क सुरक्षा फोर्स में 144 हाईटेक टोयोटा एलेक्सी को शामिल किया गया है। इन 144 हाईटेक और कंप्यूटर स्क्रीनिंग, गूगल मैपिंग और अन्य तकनीकी सुविधाओं से लैस वाहनों में पांच हजार कर्मचारी सड़क पर लोगों की सुरक्षा करते नजर आएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सड़क सुरक्षा फोर्स की शुरुआत के साथ इन 144 हाईटेक वाहनों का शनिवार को उद्घाटन कर दिया है।
सड़क सुरक्षा फोर्स का ये होगा काम
सड़क सुरक्षा फोर्स का काम हाईवे, मुख्य मार्गों और चिन्हित किए गए हॉट-स्पॉट पर हर 30 किलोमीटर के अंतराल में 24 घंटे तैनात रहने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना होगा। हाईवे और मुख्य मार्गों पर चलने वाले बड़े वाहनों (ट्रैक्टर, ट्राली, लॉरी और अन्य ट्रांसपोर्ट वाहन) को दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की स्थिति में उन्हें समय पर मदद और अस्पताल पहुंचाने का काम करेगी।
बड़ी बात यह कि जब प्रदेश के हर हाईवे और मुख्य मार्गों पर ये फोर्स ड्यूटी पर तैनात नजर आएगी, तो हाईस्पीड की वजह से अकसर होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। क्योंकि यह फोर्स अपने आधुनिक वाहन की मदद से हाईवे और मुख्य मार्गों से गुजरने वाले हर वाहन की स्पीड मॉनीटरिंग के साथ चालान भी करते नजर आएंगे।
राज्य में बीते सालों में हुए सड़क हादसों का रिकॉर्ड
वर्ष हादसे मौत हादसे में घायल
2019 6,348 4,525 2,655
2020 5,203 3,898 1,737
2021 5,871 4,589 2,032
2022 5,989 4,568 2,610
2023 5,721 3,435 2500
एसएसएफ के वाहनों में यह सुविधा होगी
- वाहनों में वेब कैमरा
- मेडिकल किट
- वाईफाई
- स्पीड ट्रैकिंग कैमरा
- हाईवे और लोकल पुलिस से कनेक्टिंग कंट्रोल रूम सिस्टम