पंजाब सरकार राज्य में गैंगस्टरों के नेटवर्क को ध्वस्त करेगी। नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को राज्य के पुलिस प्रमुख वीके भावरा और एडीजीपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) गठित करने का निर्देश दिया।
पुलिस विभाग की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम भगवंत मान ने संगठित अपराध के खात्मे पर जोर दिया और कहा कि पुलिस तंत्र में लोगों का भरोसा बहाल करने के लिए राज्य में अमन-कानून की व्यवस्था को यकीनी बनाना मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने नशे के व्यापार और कबड्डी जगत में पांव पसार चुके गैंगस्टरों के गठजोड़ को तोड़ने की खातिर पुलिस बल को फंड के अलावा जरूरी स्टाफ, नवीनतम साजो-सामान और सूचना प्रौद्यौगिकी मुहैया करवाने का भरोसा दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एजीटीएफ देश में ऐसी विशेष इकाइयों की तर्ज पर खुफिया जानकारी हासिल करना, कार्रवाई करने, एफआईआर दर्ज करने, जांच और मुकदमा चलाने का काम करेगी। जिलों के पुलिस कमिश्नरों और एसएसपी को संगठित अपराधों के विरुद्ध आपसी तालमेल से प्रयास करने के निर्देश देते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य भर में संगठित अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए राज्य स्तरीय अधिकार क्षेत्र वाले नए थानों को जल्द ही नोटिफाई किया जाएगा।
सीएम मान ने फील्ड और मुख्यालयों में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों को समय का पाबंद रहने और अनुशासन बनाए रखने के लिए कहा ताकि लोगों का विश्वास जीते जा सके। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस बल को अपना अक्स सुधारने में मदद मिलेगी।
‘एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स’ नई बोतल में पुरानी शराब: परगट
‘एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स’ के गठन की घोषणा पर कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कटाक्ष किया है। उन्होंने इस फैसले को नई बोतल में पुरानी शराब करार दिया और कहा है कि इस संबंध में पंजाब में पहले से कानून बना हुआ है। अपने ट्विटर हैंडल पर परगट सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को टैग करते हुए लिखा- ‘एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन और कुछ नहीं बल्कि नई बोतल में पुरानी शराब है। संगठित अपराधों से निपटने के लिए पंजाब के पास एसटीएफ है, जिसे 2017 में नया नाम ऑर्गनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओसीसीयू) दिया गया था। हमारे पास टीमें हैं, बस राजनीति इच्छा शक्ति चाहिए। क्या आम आदमी पार्टी के पास ऐसी इच्छा शक्ति है?’
अपराध को जड़ से खत्म करेगी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स: आप
आम आदमी पार्टी ने सरकार के फैसले का स्वागत किया। मंगलवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग और डॉ. सन्नी सिंह आहलुवालिया ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य पंजाब की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आप नेता ने कहा कि गैंगस्टरों पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान का यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण हैं।
फैसला लागू होने के बाद पंजाब के आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे और निडरतापूर्वक जीवन जी सकेंगे। कंग ने कहा कि यह टास्क फोर्स पंजाब में संगठित अपराध को जड़ से खत्म करेगा और अपराधियों के भीतर डर पैदा करेगा। इसे प्रभावी बनाने के लिए विशेष पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे और विशेष पुलिस टीम भी तैयार की जाएगी। स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ तालमेल बैठाकर यह फोर्स पंजाब से क्राइम और क्रिमिनल का सफाया करेगी।