पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने पृतक गांव महराज जिला बठिंडा से किसान कर्ज माफी योजना के दूसरे चरण की 22 जनवरी को शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से गांव को पूरी तरह से चमकाया जा रहा और गांव वासियों को हर तरह की सुविधा दी जा रही है। वहीं कैप्टन के आने की सूचना पर गांव की नौ पंचायतों में खुशी का माहौल है।
जिले के डिप्टी कमिश्नर परनीत गांव महराज में चल रहीं तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। वहीं पूरे गांव की सड़कों की मरम्मत की जा रही है। इसके अलावा गांव महराज में जो भी पुराने नींव पत्थर लगे हुए हैं, उनको पूरी तरह साफ किया जा रहा। गांव महराज में मौजूदा समय में नौ पंचायतें हैं।
इन नौ पंचायतों में आठ पंचायतें कांग्रेस से हैं, जबकि एक पंचायत अकाली दल के हिस्से में है। जिले के डिप्टी कमिश्नर परनीत का कहना है कि समागम से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा योजना के तहत जिन किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा उनकी लिस्ट तैयार कर ली गई है।
विधानसभा चुनाव की शुरूआत भी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने पैतृक गांव से की थी। 22 जनवरी को होने वाले समागम से ही कैप्टन आने वाले लोकसभा चुनाव का बिगुल बजा सकते हैं। इस गांव में कैप्टन अमरिंदर सिंह के बुजुर्गों की खास जगह बनी हुई है। जहां पर कैप्टन अक्सर ही अपनी पत्नी परनीत कौर के साथ माथा टेकने आते हैं।
इसके अलावा कैप्टन ने जब विस चुनाव की शुरुआत की थी तो उस दिन रैली के दौरान कैप्टन ने लोगों से वादा भी किया था कि अगर कांग्रेस की सरकार में वह मुख्यमंत्री बनते हैं तो गांव महराज में जरूर आएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री इस दौरान दो बार बठिंडा आ चुके हैं। लेकिन वह किसी कारण अपने गांव महराज नहीं जा सके थे।