जल्द होंगे पंचायत और निकाय चुनाव: मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंचायत और निकाय चुनाव जल्द करवाए जाएंगे। सरकार ने आयोग को चुनाव के संबंध में औपचारिकता पूरी करने के लिए कह दिया है। अब चुनाव कब करवाए जाने हैं, यह फैसला हरियाणा चुनाव आयोग को लेना है। उन्होंने भी चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताएं, वार्ड बंदी, मतदाता सूचियां अपडेट करने आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती व निकाय चुनाव में ओबीसी रिजर्वेशन पर गणना आधारित डाटा न होने के कारण कोर्ट ने रोक लगा दी है। अब हरियाणा सरकार अलग से कमिशन बैठाकर इकाई अनुसार ओबीसी का डाटा एकत्रित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और जजपा द्वारा सिंबल पर चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी स्तर पर चर्चा के बाद लिया जाएगा।
इन निकायों में होंगे चुनाव
अंबाला जिले की नारायगढ़ नगर पालिका, अंबाला सदर नगर परिषद, भिवानी जिले की भिवानी नगर परिषद, चरखी दादरी नगर परिषद, फतेहाबाद में रतिया, भूना नगर पालिका, फतेहाबाद और टोहाना नगर परिषद, गुरुग्राम में सोहना नगर परिषद, हिसार में हांसी नगर परिषद, बरवाला नगर पालिका, जींद में सफीदों, उचाना नगर पालिका, जींद और नरवाना नगर परिषद, झज्जर में बहादुरगढ़ और झज्जर नगर परषिद, कुरुक्षेत्र में ईस्माइलाबाद, शाहाबाद, पिहोवा और लाडवा नगर पालिका, करनाल जिले में घरौंडा, तरावड़ी, निसिंग और असंध नगर पालिका, कैथल जिले में चीका, राजौंद नगर पालिका, कैथल नगर परिषद, महेंद्रगढ़ में नारनौल नगर परिषद, महेंद्रगढ़ और नांगल चौधरी नगर पालिका, मेवात जिले में फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना नगर पालिका, नूंह नगर परिषद, पंचकूला जिले में कालका नगर परिषद, पानीपत जिले में समालखा नगर पालिका, पलवल जिले में होडल और पलवल नगर परिषद, रोहतक जिले में महम नगर पालिका, रेवाड़ी में बावल नगर पालिका, सोनीपत जिले में गन्नौर, कुंडली नगर पालिका, गोहाना नगर परिषद, सिरसा जिले में ऐलनाबाद, रानियां नगर पालिका, मंडी डबवाली नगर परिषद, यमुनानगर जिले में सढौरा नगर पालिका।
राज्य चुनाव आयोग की पूरी तैयारी
राज्य चुनाव आयोग के सचिव डॉ. इंद्रजीत सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव की पूरी तैयारी है। सरकार के आदेश आते ही चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इन चुनावों में पांच हजार ईवीएम इस्तेमाल होंगी। हाईकोर्ट के आदेश आने पर उनकी विवेचना की जाएगी।