टोक्यो ओलंपिक में भारत की पुरुष हॉकी टीम ने जीत के साथ आगाज किया। भारत ने अपना पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-2 से जीत लिया। भारत की ओर से पहला गोल चंडीगढ़ हॉकी अकादमी के ट्रेनी रहे रूपिंदर पाल सिंह ने किया। वहीं हरमनप्रीत ने दो गोल दागे। टोक्यो ओलंपिक के पहले ही मुकाबले में भारत की जीत से हॉकी के खिलाड़ी, कोच और दिग्गज खिलाड़ियाें में काफी जोश है।
कोच ने रूपिंदर पाल सिंह के प्रदर्शन पर जताई खुशी
चंडीगढ़ हॉकी अकादमी के प्रमुख कोच गुरमिंदर सिंह ने बताया कि भारत ने टोक्यो ओलंपिक में जीत से शुरुआत की है। इससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ेगा और आने वाले मुकाबलाें के लिए खिलाड़ी जोश के साथ मैदान पर उतरेंगे। अपने ट्रेनी रूपिंदर पाल सिंह की प्रशंसा करते हुए गुरमिंदर सिंह ने बताया वह एक शानदार और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।
अकादमी के पहले ग्रुप के ट्रेनी रहे रूपिंदर पाल सिंह
कोच गुरमिंदर सिंह ने बताया रूपिंदर पाल सिंह सेक्टर- 42 स्थित यूटी खेल विभाग की हॉकी अकादमी के पहले बैच 2002 में आए थे। यहीं हॉकी की ट्रेनिंग करते हुए वर्ष 2007 में भारतीय जूनियर टीम में जगह बना ली थी।
ओलंपिक में हॉकी टीम को बेहतर स्टार्ट मिला
भारतीय हॉकी टीम को टोक्यो ओलंपिक में बेहतर स्टार्ट मिला हैं। मैच सभी खिलाड़ियाें ने बेहतर प्रदर्शन किया। हरमनप्रीत और रूपिंदर पाल सिंह ने शानदार गोल दागे।
- सुखबीर सिंह गिल, पूर्व ओलंपियन
लय को बरकरार रखना होगा
न्यूजीलैंड को हराने के बाद भारतीय टीम जोश से भरी होगी। उन्हें जीत की इसी लय का बना रखते हुए अगले मैचों में पूरे जोश और होश के साथ उतरना होगा।
- नरेंद्र सिंह सोढ़ी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और हॉकी कोच