चंडीगढ़। शहर के हैंडबॉल खिलाड़ी अतुल कुमार ने सीनियर नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में बेस्ट गोलकीपर का खिताब जीता है। चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन के आधार उन्हें यह अवार्ड हासिल हुआ। यह चैंपियनशिप राजस्थान में 20 से 26 मार्च तक खेली गई। इसमें देश से 33 हैंडबॉल की टीमों ने शिरकत की। नेशनल में अतुल सर्विसेज की टीम से खेले। टीम में गोलकीपर की भूमिका निभाते हुए उन्होंने मैचों के दौरान विपक्षी टीमों के गोल करने कई प्रयासों को विफल किया।
एशिया के टॉप-10 गोलकीपर में शुमार हैं अतुल कुमार
इसी साल फरवरी में सऊदी अरब में एशियन हैंडबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इसके मुकाबले 18-31 जनवरी तक खेले गए। इसमें अतुल कुमार ने भारतीय सीनियर हैंडबॉल टीम की कप्तानी संभालते हुए मैचों के दौरान गोलकीपर की भूमिका निभाई। चैंपियनशिप के बाद हैंडबॉल फेडरेशन की ओर से एशिया के शीर्ष दस गोलकीपर के नामों की घोषणा की गई थी, जिसमें अतुल कुमार को एशिया के टॉप 10 गोलकीपर में शुमार किया गया था।