इस दौरान करेला गांव के लोगों ने जुलाना तहसील में फसल मुआवजा के नाम पर हुए भ्रष्टाचार का मामला भी उठाया। लोगों ने कहा कि एक महीना पहले इस मामले में एफआईआर हुई थी, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस पर मुख्यमंत्री ने एसएसपी को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। डीएसपी आदर्शदीप ने बताया कि इस मामले की जांच सफीदों के एसडीएम मनदीप कुमार कर रहे हैं।
उन्होंने रिकार्ड मंगवाया हुआ है। जांच के बाद यदि कोई दोषी पाया जाता है तो गिरफ्तारी होगी। गौरतलब है कि इस मामले में जुलाना के तहसीलदार सहित कानूनगो, नंबरदार व पटवारी के खिलाफ पांच जनवरी को एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके अलावा लोगों ने नागरिक अस्पताल में मेडिकल नहीं होने, गढ़वाली गांव में जलभराव सहित अन्य समस्याएं भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाई।
जींद और सफीदों में किया 18 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जींद और सफीदों में 13 परियोजनाओं का शिलान्यास , पांच परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उक्त परियोजना में जींद में पांच का उद्घाटन और सात का शिलान्यास किया गया है, जिन पर 46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सफीदों में सीएम द्वारा छह परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिन पर 43 करोड़ 22 लाख रुपये खर्च होंगे।