चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में अभिनेता वरुण शर्मा की आगामी बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग चल रही है। शूटिंग के लिए एसी जोशी लाइब्रेरी के दाईं तरफ व सामने, गांधी भवन के सामने और दाएं तरफ सेटअप लगाया गया है। पूरा सेटअप 25 लोगों की टीम ने तैयार किया है। शनिवार को वरुण शर्मा के साथ अन्य कलाकारों ने एक गाने के कुछ भाग का शूट किया, जिसमें कॉलेज के अंदर ग्रुप डांस का दृश्य दिखाया गया। इसके साथ ही एक लड़ाई का सीन भी शूट किया गया।
आर्ट टीम के एक सदस्य परमहंस गिरि ने बताया कि पंजाब यूनिवर्सिटी में शूटिंग का पूरा सेटअप तैयार करने में चार दिन का समय लगा है। सेटअप पूरी तरह तैयार होने के बाद ही फिल्म की शूटिंग शुरू हुई है। इसे तैयार करने के लिए मुंबई से 25 कलाकारों की टीम आई है, उनकी ओर से कार्निवल और कॉलेज के दृश्यों का सेटअप तैयार किया गया है। इसके साथ ही कार्निवल में एक तरफ पेंटिंग प्रर्दशनी के स्टैंडबाए लगाए गए हैं, उन्हें भी मुंबई से आए तीन डिजाइनरों की ओर से डिजाइन किया गया है।
पीयू में ज्यादातर शूट कार्निवल का होना है। इसे पंजाब के कल्चर से जोड़ कर दिखाया गया है। एसी जोशी लाइब्रेरी के सामने दो गेट बनाए गए हैं, जो पगड़ीनुमा तैयार किए गए हैं। इसके अंदर से अभिनेता की एंट्री के सीन हैं। इसके अलावा स्टेज और डांस के सीन के लिए लाइब्रेरी के दाएं ओर सेटअप तैयार किए गए हैं। गांधी भवन के दाएं तरफ के सेटअप में कार्निवल तैयार किया गया है। इसमें मेले में लगने वाले विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही पंतगों, रंग-बिरंगे कार्डबोर्ड की कटिंग के साथ बोतलों में रंग-बिरंगे लिक्विड भर कर उससे सेटअप का डिजाइन तैयार किया गया है। सेटअप की तैयारी में शहर के कुछ कलाकारों ने भी मदद की है। फिल्म की शूटिंग का रविवार को आखिरी दिन है। इसके बाद की शूटिंग हिमाचल प्रदेश में की जाएगी। शूटिंग की शुरुआत मुंबई से की गई थी। वहां भी पंजाब के दृश्य का सेटअप तैयार कर सीन शूट किए गए थे।