हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा की तरह ही शुक्रवार को दसवीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा में भी जमकर नकल चली। यहां तक कि प्रदेश के शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा के शहर महेंद्रगढ़ में भी नकलचियों पर नकेल नहीं कसी जा रही और पांच नकलची पकड़े गए। इधर, कलानौर स्थित जेकेएम विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर सॉल्वड स्लिप मिलने के बाद इस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई है।
बोर्ड उपायुक्त के उड़नदस्ते ने लोहारू के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सहित छह परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार विद्यार्थियों के केस भी बनाए गए तथा दो अध्यापकों को ड्यूटी में कोताही बरतने पर परीक्षा ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया। फतेहाबाद जिले से नकल के 12 मामले सामने आए हैं।
साथ ही सोनीपत में 36 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया। चरखी दादरी में उड़नदस्ते ने पांच छात्रों को नकल करते पकड़ा है। जींद में उड़नदस्ता टीमों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए 14 विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा। इधर, सतनाली खंड के गांव डिगरोता के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नकल रोकने के लिए बनी कमेटी के सदस्य विनोद के साथ तीन नामजद व 30 से अधिक युवकों ने मारपीट की।