चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) जनरल सेल्फ फाइनेंस हाउसिंग स्कीम के तहत शनिवार और रविवार को सेक्टर-63 के फ्लैट्स का ड्रॉ निकालेगा। यह प्रक्रिया सेक्टर-9 के हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में ही पूरी होगी।
खास बात यह है कि ड्रॉ में उन लोगों के नाम भी शामिल किए जाएंगे, जिन्होंने बकाया मूल राशि तो जमा करवा दी है, लेकिन उस पर लगने वाला ब्याज अभी तक जमा नहीं करवाया। कई लोग ऐसे हैं, जिनकी बकाया राशि तो 50 हजार थी, लेकिन ब्याज बढ़कर यह राशि ढाई लाख के ऊपर पहुंच गई। ऐसे लोगों को 15 जुलाई तक ब्याज की राशि जमा करवाने का समय दिया गया है।
यह होगा ड्रॉ का समय
कैटगरी सी के वन बेड रूम वाले अलाटियों का ड्रॉ शनिवार सुबह 9.30 से एक बजे तक निकाला जाएगा, जबकि कैटगरी ए के तीन कमरों वाले फ्लैट का ड्रॉ दोपहर दो से शाम पांच बजे तक निकाला जाएगा।
कैटगरी बी के टू बेड रूम फ्लैट्स के लिए पांच जुलाई को सुबह 9.30 से दोपहर एक बजे तक ड्रॉ निकाला जाएगा। इसी दिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक वन बेड रूम (ईडब्ल्यूएस) फ्लैट्स का ड्रा भी निकाला जाएगा।
इस माह के अंत तक बंटेंगी चाबियां
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, इस हाउसिंग प्रोजेक्ट का विधिवत उद्घाटन इस माह के अंत में किया जाएगा और लोगों को फ्लैट की चाबियां सौंपी जाएंगी। बोर्ड चाहता है कि फ्लैट की चाबियां सौंपने के लिए पीएम आएं और इसके लिए पीएम को निमंत्रण भी भेजा गया है।
इतने फ्लैट हैं यहां
सेक्टर-63 में 2108 फ्लैट का निर्माण किया गया है, जिनमें 336 तीन कमरों वाले फ्लैट हैं, जबकि 888 टू बेड रूम और 564 वन बेड रूम वाले फ्लैट हैं। इनके अलावा 320 यूनिट ईडब्ल्यूएस कैटगरी के लिए बनाए गए हैं। सीएचबी के अनुसार, फ्लैट के नंबरों के हिसाब से ड्रॉ निकालने के बाद अगले माह तक सभी को कब्जा दे दिया जाएगा।
ओपन मार्केट में नीलाम होंगे कुछ फ्लैट्स
हाउसिंग बोर्ड के अनुसार, उन लोगों का नाम ड्रॉ में शामिल नहीं किया जाएगा, जिन्होंने देर होने पर ब्याज समेत किश्तें जमा नहीं करवाई है। इन आवेदकों को शुक्रवार शाम तक राशि जमा करवाने का समय दिया गया था। अब जो फ्लैट बचेंगे, उनकी ओपन बाजार में नीलामी कर दी जाएगी। करीब 300 अलाटियों की राशि जमा नहीं हुई थी, लेकिन ड्रॉ की डेट घोषित होने पर करीब 150 लोगों ने बाकी बची राशि जमा करवा दी है।
ड्रा के समय ही बनेगी सोसाइटी
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, ड्रॉ के बाद रेजिडेंट्स की सोसाइटी का गठन कर दिया जाएगा। इन सोसाइटी के पदाधिकारियों के पास ही सोसाइटी के अंदर लिफ्ट, पार्क और अन्य रखरखाव की जिम्मेवारी होगी।