पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री दिवंगत कंवलजीत सिंह के बेटे व पूर्व विधायक जसजीत सिंह बन्नी के खिलाफ रिटायर्ड एएसआई प्रकाश चंद से मारपीट करने के मामले में आरोप तय हो गए हैं। मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी को होगी। जिला अदालत ने आरोपी जसजीत के खिलाफ आईपीसी की धारा 341 (ट्रेसपास), 325 (गहन चोट पहुंचाना) और 506 (धमकाना) के तहत आरोप तय किए हैं।
2016 के इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के लगभग 10 महीने बाद पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया था। पुलिस ने 50 पेज के चालान में सात गवाह बनाए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उक्त धाराओं के तहत ही मामला दर्ज किया था। ये सभी धाराएं जमानती हैं, इसलिए आरोपी ने चालान पेश होते ही जमानत याचिका दायर कर दी थी। उसे 30 हजार रुपये बेल बांड भरने के साथ जमानत मिल गई थी।