मजदूर दिवस पर सोमवार को शहर के सभी सामुदायिक केंद्रों में सफाई कर्मचारियों के लिए ‘बड़ा खाना’ का आयोजन निगम ने किया था, लेकिन सेक्टर-27 के कम्युनिटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी अव्यवस्था रही। यहां पर पहले तो भोजन ही 12 बजे की जगह 2 बजे आया और जब आया तो वह भी पूरा नहीं। रोटी बनाने के लिए यहां पर तंदूर ही नहीं पहुंचा। खाने में जब चावल जल्द समाप्त हो गए तो कई कर्मचारियों ने सिर्फ मिक्स वेज और दाल खाकर ही गुजारा किया। इसके लिए ज्वाइंट कमिश्नर मनोज खत्री ने कैटरिंग ठेकेदार को फटकार भी लगाई।
कई कर्मचारियों को नहीं मिला खाना, पार्षदों ने खाए चावल-दाल
सेक्टर-27 के कम्युनिटी सेंटर में कई कर्मचारियों को खाना नहीं मिल पाया, जबकि वार्ड पार्षद दवेंद्र सिंह बबला और निर्दलीय पार्षद दलीप शर्मा ने सिर्फ दाल और चावल ही खाए। ज्वाइंट कमिश्नर मनोज खत्री खुद भी कर्मचारियों के साथ लाइन में लगे। कांगेस पार्षद दवेंद्र बबला का कहना है कि खाना पहले देरी से आया, लेकिन जब आया तो जल्द ही खत्म हो गया।
ठेकेदार की पेमेंट रोकने की चेतावनी
सेक्टर-27 में भोजन की अव्यवस्था के कारण ज्वाइंट कमिश्नर ने कर्मचारियों को ठेकेदार की पेमेंट रोकने की भी चेतावनी दी।
पहला अनुभव, थोड़ी बहुत खामियां रह गईं : मेयर
पहला अनुभव, थोड़ी बहुत खामियां रह गईं : मेयर
मेयर ने सफाई कर्मचारियों को खुद परोसा खाना
सेक्टर-21 के सामुदायिक केंद्र में मेयर आशा जसवाल ने खुद अपने एरिया के सफाई कर्मचारियों को भोजन परोसा। मेयर और कमिश्नर ने यहां पर कर्मचारियों के साथ खाना भी खाया जबकि इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन भी मौजूद रहे। जबकि सेक्टर-20 के सामुदायिक केंद्र में सीनियर डिप्टी मेयर और अतिरिक्त कमिश्नर उमा शंकर ने बड़ा खाना में भाग लिया।
पहला अनुभव, थोड़ी बहुत खामियां रह गईं : मेयर
मेयर आशा जसवाल का कहना है कि शहर के लिए यह काफी एतिहासिक दिन रहा है। सेक्टर-27 को छोड़कर बाकी सभी कम्युनिटी सेंटर में खाने की अच्छी व्यवस्था रही है। पहला अनुभव था इसलिए थोड़ी बहुत खामियां रह गईं। सेक्टर-27 में भी सिर्फ तंदूरी रोटी की व्यवस्था नहीं हो पाई। बाकी सभी खाना खाकर गए हैं।
हर वार्ड से एक कर्मचारी सम्मानित
हर वार्ड से एक -एक कर्मचारी को बड़ा खाना के मौके पर सम्मानित भी किया गया। उन्हें स्वच्छ दूत के नाम से पुकारा गया है। वार्ड नंबर-1 से राज कुमार, वार्ड-2 से चंद्र पाल, 3 से चंद्र वीर, 4 से नरेश, 5 से अरविंद कुमार, 6 से बाबू राम, 7 से महिपाल, 8 से करम सेन, 9 से विनोद कुमार, 10 से राम पाल, 11 से जय भगवान, 12 से कुकी, 13 से बिल्लू, 14 से राजेश, 15 से सुलेक्षा, 16 से प्रभु सिंह, 17 से सुभाष, 18 से बीरा, 19 से जोगिंदर, 20 से सुरेश, 21 से ओम पाल, 22 से अजय कुमार, 23 से संजय, 24 से राजेश, 25 से नरेश और 26 से अमित को सम्मानित किया गया है।