चंडीगढ़। हरनूर सिंह की नाबाद 110 की शतकीय पारी की बदौलत चंडीगढ़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी (अंडर - 19) के लीग मैच में महाराष्ट्र को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत से विजेता टीम को 4 अंक मिले। शनिवार को नई दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया मैदान में खेेले गए मैच में महाराष्ट्र ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
मैच के तीसरे ओवर में ही जसकीरत मेहरा ने दो के निजी स्कोर पर किरण चोरमले को चलता किया। इसके बाद अर्शिन कुलकर्णी और अश्कन काजी की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और 95 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। पारी के 25वें ओवर में गेंदबाज सोहेल ने काजी (55) रन पर आउट कर चंडीगढ़ को राहत दिलाई। काजी के आउट होते ही चंडीगढ़ के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक के बाद एक विकेट चटकाए। महाराष्ट्र ने कुल 198 रन बनाए। टीम से अर्शिन कुलकर्र्णी ने सबसे अधिक 56 रन बनाए। गेंदबाजी में चंडीगढ़ टीम के कप्तान राज अंगद बावा ने तीन विकेट लिए। अर्बाब इकबाल ने दो, जसकीरत, पारस, सोहेल और समरदीप ने एक-एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ टीम ने सलामी बल्लेबाजों मोहित मेहरा और हरनूर सिंह की शतकीय सांझेदारी द्वारा सधी हुई शुरुआत की। मैच के 24वें ओवर में मोहित (41) रन पर आउट हुए। उस समय स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 104 रन था। इसके बाद 31वें ओवर में प्रथम सोढ़ी (8) ने अपना विकेट गवांया जबकि कप्तान राजअंगद बावा 17 रन बनाकर रन आउट हुए। मैच में 110 रनों पर नाबाद रहे हरनूर सिंह ने 47वें ओवर में ही अपनी टीम को लक्ष्य पार करवाया। चंडीगढ़ का अब अंतिम मुकाबला गुजरात से 4 अक्तूबर को होगा।