चंडीगढ़ में योग दिवस की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंगलवार को मुख्य कार्यक्रम रॉक गार्डन में होगा, जबकि शहर के 75 अन्य स्थानों पर एक साथ योग किया जाएगा। रॉक गार्डन में पिछले कई दिनों से योग दिवस की तैयारियां चल रही थीं लेकिन सोमवार शाम चली तेज हवाओं और बारिश ने तैयारियों में खलल डाल दिया।
रॉक गार्डन में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल समेत सैंकड़ों लोग योग करेंगे। कार्यक्रम में सुबह पांच बजे ही लोग पहुंचने लगेंगे, इसलिए एक दिन पहले सोमवार से ही कारपेट बिछाए जा रहे थे लेकिन बारिश व तेज हवाओं की वजह से कारपेट भीग गए व कुछ तेज हवाओं में उड़ भी गए।
मंगलवार को सुबह 5.30 बजे से होने वाले योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में प्रशासन की तरफ से शहर की कई समाजसेवी संस्थाओं व आरडब्लूए को भी आमंत्रित किया गया है। प्रशासन के अनुसार रॉक गार्डन के अलावा शहर के अलग-अलग 75 जगहों पर योग दिवस के कार्यक्रम का आयोजन होगा।
इसमें सुखना लेक, सेक्टर-17 प्लाजा, पंजाब यूनिवर्सिटी, होटल माउंट व्यू, होटल पार्क व्यू, होटल शिवालिक व्यू, योग दिव्य मंदिर सेक्टर-30 ए, होटल ललित, दिव्य योग मंदिर शिवालिक एन्क्लेव मनीमाजरा, पीजीआई, रॉक गार्डन, पुलिस अस्पताल-26, संग्रहालय, सेक्टर-10, स्टेट लाइब्रेरी-17, टैरेस गार्डन सेक्टर-33, स्टेट लाइब्रेरी-34, रामलीला मैदान सेक्टर-40, जीएमसीएच-32, फ्रेग्रेन्स गार्डन सेक्टर-36 के अलावा सभी हेल्थ वेलनेस सेंटर, सभी सिविल अस्पताल, कई स्कूल व कॉलेज शामिल हैं। प्रत्येक जगह पर 30 से 50 लोग योग करेंगे। केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों के तहत प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम को भी सभी जगह लाइव दिखाया जाएगा।