चंडीगढ़ में सड़क हादसा चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के लिए सिरदर्द बना है। बीते रविवार को बीएमडब्ल्यू कार से एक और साइकिल सवार बिक्कू के जान गंवाने के बाद एसएसपी ट्रैफिक शशांक आनंद ने बीएमडब्ल्यू कंपनी को खुला पत्र लिखकर अपने ग्राहकों को जागरूक करने को कहा है। इसमें कहा है कि हाई स्पीड कार और सुपर बाइक्स की कंपनियां वाहनों को तो बेचें, लेकिन चाबी देने से पहले अपने ग्राहकों को ट्रैफिक का पूरा नियम बताएं।
इस संबंध में जब अमर उजाला संवाददाता ने एसएसपी से बात की तो उन्होंने बताया कि यह सिर्फ बीएमडब्ल्यू ही नहीं बल्कि सभी हाई स्पीड कार निर्माता-विकेता को अपने ग्राहकों को जागरूक करने की जरूरत है। शहर में हाई स्पीड कार तेजी से दौड़ रही हैं। इनसे आए दिन सड़क हादसा होना आम बात हो गई है। वर्ष 2019 में शहर के अलग-अलग जगहों पर 100 लोगों ने सड़क हादसे में जान गंवाई है।
हैरानी की बात है कि इन सड़क हादसों में 41 लोगों ने अपनी जान हाई स्पीड कार और सुपर बाइकस से हादसे में गंवाई है। एसएसपी ने बताया कि कंपनियों के पास सभी संसाधन होते हैं, ऐसे में सड़क हादसों को रोकने के लिए कंपनी अपने ग्राहक को खासकर चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करना होगा। कंपनी को बताना चाहिए कि सड़कों पर चलने के लिए उनकी रफ्तार क्या होना चाहिए। अगर कंपनी ऐसा करती है तो काफी हद तक सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।
शहर में बीएमडब्ल्यू समेम अन्य हाई स्पीड कार और सुपर बाइक तेज रफ्तार में दौड़ती हैं। ऐसे में अगर कंपनी शुरू में ही अपने ग्राहकों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करती है तो कुछ हद सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।
- शशांक आनंद, एसएसपी ट्रैफिक चंडीगढ़